उद्योग, शिक्षा और महंगाई पर सरकार का फोकस..दक्षिण-पश्चिम जिलों में भीषण गर्मी और लू का अलर्ट

Bihar Ki Dinbhar Ki Khabar : आज की बड़ी खबरों में बिहार सरकार का उद्योग, निवेश और रोजगार पर विशेष फोकस, शिक्षा व्यवस्था में नई शिक्षा नीति को सख्ती से लागू करने की तैयारी, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर सरकार की चिंता, और प्रदेश के दक्षिण-पश्चिम हिस्सों में भीषण गर्मी एवं लू का कहर शामिल है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में बेहतर औद्योगिक माहौल तैयार करने की बात कही, वहीं उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने महंगाई पर नियंत्रण के प्रयासों का भरोसा दिलाया। दूसरी ओर मौसम विभाग ने बक्सर, भोजपुर, कैमूर और रोहतास समेत कई जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। पढ़िए आज की बड़ी खबरें…

  • अनंत सिंह के समर्थकों और सोनू-मोनू गैंग के बीच गोलीबारी

मोकामा में बाहुबली विधायक Anant Singh और सोनू-मोनू गैंग के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है. इस बार गैंग ने अनंत सिंह के समर्थक और सरपंच पति मुकेश कुमार पर फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी. घटना शनिवार की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर अनंत सिंह के समर्थकों और सोनू-मोनू गैंग के बीच विवाद बढ़ा, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. फायरिंग की घटना के बाद पुलिस जब सोनू-मोनू के घर पहुंची, तब गैंग के समर्थकों ने पहले पुलिस की तलाशी ली और उसके बाद ही उन्हें अंदर जाने दिया. हालांकि, तब तक दोनों भाई फरार हो चुके थे. इस पूरे मामले पर बिहार के डिप्टी सीएम Vijay Kumar Chaudhary ने कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि जो कोई भी पुलिस के साथ गलत व्यवहार करेगा, उसे उसका परिणाम भुगतना पड़ेगा. पुलिस इसका पूरा हिसाब करेगी. वहीं, मामले को गंभीरता से लेते हुए पटना एएसपी ने बड़ी कार्रवाई की है. कर्तव्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में पंचमहला थानाध्यक्ष कुंदन कुमार और हाथीदह थानाध्यक्ष रंजन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.

  • सम्राट चौधरी के हरे गमछे वाले बयान पर तेज हुई सियासत

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने AI समिट के मंच से शनिवार को हरे गमछे को लेकर एक बयान दिया. उन्होंने कहा कि पटना में करीब 4 हजार AI कैमरे लगाए गए हैं और यदि AI सिस्टम को यह निर्देश दिया जाए कि हरे गमछे वाले को खोजो, तो वह तुरंत ऐसे लोगों की पहचान कर सकता है. हालांकि, बयान के तुरंत बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका इशारा किसी खास व्यक्ति या समूह की ओर नहीं था. मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बयान मुख्यमंत्री की सोच और उनके अंदर की नफरत को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि ऐसी राजनीति अब चलने वाली नहीं है. तेजस्वी ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य का खजाना खाली है, महिलाओं को दूसरी किस्त कब मिलेगी और बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है. वहीं, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य और पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने भी मुख्यमंत्री के बयान की आलोचना की है. रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि AI से पूछ कर देखिए…AI ये सब भी बता देता है. इसके साथ ही उन्होंने 11 सवाल उठाए और एक कार्टून भी साझा किया.

  • होटल में युवती के साथ छेड़खानी

Patna के एक होटल में युवती के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने पिता के साथ होटल में ठहरी हुई थी. शनिवार देर रात होटल का एक कर्मचारी कमरे में घुस आया और युवती का हाथ पकड़कर उसे खींचने लगा. शोर सुनकर पिता की नींद खुल गई, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. पीड़िता के पिता ने तुरंत बगल के कमरे में ठहरे अपने भतीजे को घटना की जानकारी दी. इसके बाद रुपसपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और होटल के कमरों की तलाशी ली. जांच के दौरान पुलिस ने चार लड़कियों और चार लड़कों को शराब पीते हुए पकड़ा, जिन्हें हिरासत में लेकर थाने भेज दिया गया. पुलिस के अनुसार, होटल के कमरों में सामान बिखरा पड़ा था, खाने-पीने की वस्तुएं रखी थीं और कुछ आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए गए हैं. सभी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है. सिटी एसपी पश्चिमी Bhanu Pratap Singh ने बताया कि युवती पॉलिटेक्निक परीक्षा देने अपने पिता के साथ पटना आई थी और होटल में ठहरी हुई थी. देर रात एक व्यक्ति कमरे में घुसा और उसके साथ छेड़खानी की. मामले में रुपसपुर थाने में FIR दर्ज कर ली गई है. मुख्य आरोपी सत्येंद्र (31) को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने बताया कि मामले में दो अन्य आरोपी भी शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. साथ ही होटल मालिक से भी पूछताछ की जाएगी.

  • गस्त करने पहुंची पुलिस टीम पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला

सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस टीम पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. घटना में एएसआई अंजय कुमार (40) और महिला होमगार्ड जवान काजल कुमारी (19) घायल हो गईं. एएसआई के सिर में गंभीर चोट आई है, जिसके चलते उन्हें पांच टांके लगे हैं. जानकारी के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे पुलिस टीम राघोपुर पंचायत के महादलित टोला में शराब पीकर हंगामा किए जाने की सूचना पर पहुंची थी. इसी दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच विवाद बढ़ गया और कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया. हमलावरों ने पुलिस जिप्सी पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए. वहीं, महिला पुलिसकर्मी को घेरकर उसकी राइफल भी छीन ली गई. बाद में पुलिस ने छिनी गई राइफल को पास के खेत से बरामद कर लिया. पुलिस बल की संख्या कम होने के कारण जवानों को पीछे हटना पड़ा.

घायल एएसआई अंजय कुमार ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंचते ही कुछ लोगों ने अचानक हमला कर दिया. सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की गई. वहीं, महादलित टोला निवासी रिंकू देवी ने बताया कि रात में अधिकांश लोग सो चुके थे और कुछ युवक शराब के नशे में हंगामा कर रहे थे. पुलिस पूछताछ के दौरान स्थिति बिगड़ गई, जिसके बाद युवकों ने हमला कर दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में पहुंची अतिरिक्त पुलिस टीम ने भी ग्रामीणों के साथ मारपीट की. इस मामले में पुलिस ने 19 नामजद आरोपियों सहित 10 से 15 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि आरोपियों पर पुलिस पर हमला, सरकारी कार्य में बाधा, सरकारी वाहन में तोड़फोड़ और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.

  • पटना में 79 केंद्र पर UPSC Prelims की परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न

रविवार को संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (UPSC Prelims) देशभर में शांतिपूर्ण और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की गई. बिहार की राजधानी पटना में भी परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया. प्रिलिम्स परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई. पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक हुई, जबकि दूसरी पाली (CSAT) दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित की गई. आयोग के निर्देशानुसार परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले तक ही अभ्यर्थियों को प्रवेश की अनुमति दी गई. निर्धारित समय के बाद पहुंचे कई अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश नहीं मिल सका. राजधानी पटना में परीक्षा के लिए कुल 79 केंद्र बनाए गए थे, जहां 39,147 अभ्यर्थियों के शामिल होने की व्यवस्था की गई थी. सुबह से ही विभिन्न परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों की भीड़ देखी गई, जबकि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा.

  • बिहार में उद्योग और निवेश को बढ़ावा देने की तैयारी तेज

बिहार सरकार राज्य में उद्योग, निवेश और इंफ्रास्ट्रक्चर को नई रफ्तार देने की दिशा में बड़े स्तर पर काम करने जा रही है. बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा आयोजित व्यवसायिक समागम के अंतिम दिन मुख्यमंत्री Samrat Choudhary ने उद्योग और निवेश को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में उद्योग लगाने वाले कारोबारियों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है. इसके तहत हर तीन महीने पर जिला स्तर पर बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें डीएम, एसपी और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे. इसका उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति-2025 लागू की है और उद्योग संगठनों से सुझाव लेकर इसमें लगातार सुधार किए जाएंगे. यदि किसी नीति में बदलाव की आवश्यकता महसूस होती है, तो उद्योगपति सीधे उद्योग मंत्री से संपर्क कर सकते हैं. सरकार कारोबारियों के सुझावों के आधार पर नई नीतियां बनाने के लिए तैयार है. सरकार ने प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर भी सख्त संदेश दिया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी आवेदन पर 10 दिनों तक कार्रवाई नहीं होने पर संबंधित अधिकारी को नोटिस जारी किया जाएगा. वहीं 31 दिनों तक मामला लंबित रहने पर निलंबन तक की कार्रवाई की जा सकती है.

  • मेरिट सूची जारी,1 जून से 4 जून तक होगा पटना महिला कॉलेज में नामांकन

Patna Women College ने शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की पहली मेरिट सूची जारी कर दी है. कॉलेज प्रशासन के अनुसार, 1076 से अधिक छात्राओं को नामांकन का अवसर मिलेगा. नामांकन प्रक्रिया 1 जून से 4 जून तक चरणबद्ध तरीके से आयोजित की जाएगी. कॉलेज प्रशासन ने जानकारी दी है कि प्रथम चरण में चयनित छात्राओं को निर्धारित तिथि एवं समय पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य होगा. वहीं, यदि सीटें रिक्त रहती हैं, तो 4 जून को प्रतीक्षा सूची में शामिल छात्राओं को नामांकन का अवसर प्रदान किया जाएगा.

  • जस्टिस मीनाक्षी एम. राय होंगी पटना हाई कोर्ट का नया मुख्य न्यायाधीश

सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने सिक्किम हाई कोर्ट की जज जस्टिस मीनाक्षी एम. राय को पटना हाई कोर्ट का नया मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है. यह फैसला मौजूदा चीफ जस्टिस के 4 जून को सेवानिवृत्त होने के मद्देनज़र लिया गया है. कॉलेजियम की बैठक 22 मई को भारत के चीफ जस्टिस Surya Kant की अध्यक्षता में हुई. इस संबंध में आधिकारिक बयान जारी कर जानकारी दी गई.

  • बिहार में सख्ती से लागू होगी नई शिक्षा नीति

शिक्षा मंत्री Mithilesh Tiwari ने कहा है कि राज्य में नई शिक्षा नीति को सख्ती से लागू किया जाएगा. पटना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए विभाग लगातार कार्य कर रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सरकारी विद्यालयों में शौचालय, मिड-डे मील, बेंच-टेबल तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं ताकि छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सके.

  • सेटेलाइट सिटी परियोजना पर काम शुरू

Nitish Mishra ने कहा है कि मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट सेटेलाइट सिटी पर काम शुरू हो चुका है. शेखपुरा में आयोजित भाजपा प्रशिक्षण कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी नगर निकायों में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कार्य योजना तैयार कर रही है. उन्होंने प्रशासनिक जवाबदेही और कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया.

  • विधान परिषद चुनाव में CPI उम्मीदवारों की घोषणा

Communist Party of India ने बिहार विधान परिषद के शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. पार्टी ने सारण क्षेत्र से विद्यासागर विद्यार्थी तथा तिरहुत क्षेत्र से प्रोफेसर संजय कुमार सिंह को उम्मीदवार बनाया है. प्रदेश सचिव Ramnaresh Pandey ने कहा कि महागठबंधन के सहयोगी दलों के साथ संयुक्त उम्मीदवारों पर भी विचार किया जाएगा.

  • इन जिलों में सोमवार को हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट

बिहार के 7 जिलों में सोमवार को हीट वेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा समेत 15 जिलों में बारिश और आंधी को लेकर भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है. देश के दक्षिणी हिस्सों में भीषण गर्मी का असर लगातार जारी है और अधिकांश स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है. मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार रोहतास जिले का डेहरी राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान बक्सर, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद जिलों में लू चलने की संभावना जताई है. साथ ही प्रदेश के दक्षिणी भागों में अधिकांश स्थानों पर मौसम शुष्क बना रहेगा. दूसरी ओर, राज्य के उत्तरी भागों में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के कारण आंधी, बारिश और वज्रपात की स्थिति बनी हुई है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जिलों में कुछ स्थानों पर आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *