Bihar Ki Dinbhar Ki Khabar : बिहार की तीन प्रतिष्ठित हस्तियों को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल पद्मश्री से सम्मानित किया गया है आज केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने अपने पाठ्यक्रम में मैथिली भाषा को शामिल करने की जानकारी सझा की. अब जानिए आज की बड़ी खबर…
-
विश्वबंधु, डॉ. गोपाल त्रिवेदी और भरत सिंह भारती को पद्मश्री
बिहार की तीन प्रतिष्ठित हस्तियों को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल पद्मश्री से सम्मानित किया गया है. इनमें लोक नृत्य के प्रख्यात गुरु विश्वबंधु, भोजपुरी लोक संगीत के दिग्गज भरत सिंह भारती और प्रसिद्ध कृषि वैज्ञानिक डॉ. गोपाल जी त्रिवेदी शामिल हैं. राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सम्मानित व्यक्तियों या उनके परिजनों को पुरस्कार प्रदान कर रही हैं.लोक नृत्य गुरु विश्वबंधु और कृषि वैज्ञानिक डॉ. गोपाल जी त्रिवेदी को मरणोपरांत पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया है, क्योंकि दोनों का निधन हो चुका है. वहीं भोजपुरी लोक संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए भरत सिंह भारती को भी पद्मश्री सम्मान प्रदान किया गया.
-
बिहार के 5 जिलों को मिलेंगे नए पुलिस कप्तान
बिहार सरकार ने राज्य के 5 संवेदनशील जिलों में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है. गृह विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने के उद्देश्य से 5 नए ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (Rural SP) पदों के सृजन को मंजूरी दे दी है. सरकार का मानना है कि इन वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती से ग्रामीण इलाकों में अपराध नियंत्रण और निगरानी अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी. गृह विभाग द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के मुताबिक, जिन 5 जिलों में नए ग्रामीण एसपी पदों की स्वीकृति दी गई है उनमें पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर, मधुबनी, वैशाली और सिवान शामिल हैं. इन सभी जिलों में एक-एक ग्रामीण एसपी की नियुक्ति की जाएगी. ये पद बिहार पुलिस सेवा के स्टाफ ऑफिसर श्रेणी के अंतर्गत होंगे. इससे पहले राज्य सरकार ने बढ़ती आबादी और सुरक्षा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बिहार पुलिस सेवा संवर्ग में 181 अतिरिक्त पदों का सृजन किया था. इसके तहत गया, रोहतास, मुजफ्फरपुर, पश्चिमी चंपारण, सारण, दरभंगा, सहरसा, पूर्णिया, भागलपुर, मुंगेर और बेगूसराय जैसे जिलों में ग्रामीण एसपी के पद पहले ही बनाए जा चुके हैं. अब इस सूची में 5 और जिलों को शामिल कर लिया गया है.
-
MP-MLA कोर्ट ने जदयू विधायक अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर लगाई रोक
गोपालगंज वायरल वीडियो मामले में जदयू विधायक अनंत सिंह को कोर्ट से राहत मिली है. MP-MLA कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा दी है. अनंत सिंह के वकील ने बताया कि अदालत ने मामले की सुनवाई के बाद यह आदेश दिया. गोपालगंज पुलिस ने मीरगंज थाने में FIR दर्ज की थी. आरोप था कि वायरल वीडियो में कुछ लोग हथियार लहराते नजर आ रहे हैं. हालांकि बचाव पक्ष ने दलील दी कि वीडियो AI से तैयार किया गया प्रतीत होता है और उसमें अनंत सिंह के हाथ में कोई हथियार साफ तौर पर दिखाई नहीं दे रहा है. अदालत ने इसी आधार पर अनंत सिंह को राहत देते हुए उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगाई है. मामले की अगली सुनवाई 30 मई को होगी. इस केस में कुल 9 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, लेकिन अदालत से राहत सिर्फ अनंत सिंह को मिली है. अन्य आरोपियों को फिलहाल कोई राहत नहीं दी गई है. दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद MP-MLA कोर्ट के न्यायाधीश ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था, जिसके बाद यह आदेश जारी किया गया.
-
CBSE स्कूलों में पढ़ाई जाएगी मैथिली
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने अपने पाठ्यक्रम में मैथिली भाषा को शामिल करने का निर्णय लिया है. मुख्यमंत्री Samrat Choudhary ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी साझा करते हुए इसे मिथिलांचल के लिए ऐतिहासिक कदम बताया. उन्होंने कहा कि अब CBSE के सिलेबस में कक्षा 1 से माध्यमिक स्तर तक मैथिली को मातृभाषा विषय के रूप में पढ़ाया जाएगा. मुख्यमंत्री ने इसे मिथिला की भाषा, संस्कृति और पहचान को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण फैसला बताया. अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा कि इस पहल से नई पीढ़ी अपनी मातृभाषा, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत से और अधिक जुड़ पाएगी. साथ ही विद्यार्थियों को अपनी मातृभाषा में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा.
-
बिहार में विकसित होगा देश का पहला एआई साइबर हेल्पलाइन कॉल सेंटर
बिहार का साइबर हेल्पलाइन कॉल सेंटर (1930) अब जल्द ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित होने जा रहा है. इस नई तकनीक के लागू होने से साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से जुड़ी शिकायतों का पंजीकरण पहले की तुलना में कहीं अधिक तेज़ और सटीक तरीके से किया जा सकेगा. अधिकारियों के अनुसार, बिहार देश का पहला राज्य बन सकता है जहां एआई आधारित साइबर हेल्पलाइन कॉल सेंटर शुरू होगा. इसे अगले तीन से चार महीनों में तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है. वर्तमान में 1930 हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों को मानव ऑपरेटर सुनकर मैनुअल रूप से दर्ज करते हैं, जिससे एक शिकायत को रजिस्टर करने में लगभग 16 से 18 मिनट का समय लग जाता है. नई एआई प्रणाली लागू होने के बाद यही प्रक्रिया केवल पांच से छह मिनट में पूरी हो सकेगी. नई व्यवस्था में एआई-सक्षम इंटरफेस, रियल-टाइम वॉयस-टू-टेक्स्ट तकनीक और संरचित प्रश्नावली की मदद से शिकायतकर्ता की जानकारी स्वतः रिकॉर्ड होकर संबंधित डेटाबेस में अपडेट हो जाएगी. इससे डेटा एंट्री में होने वाली टाइपिंग और ट्रांसक्रिप्शन संबंधी त्रुटियां कम होंगी तथा सूचना की सटीकता बढ़ेगी.
-
33वीं बिहार न्यायिक सेवा 2026 की प्रारंभिक परीक्षा स्थगित
बिहार न्यायिक सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 33वीं बिहार न्यायिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा की प्रारंभिक परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया है. यह परीक्षा 3 जून 2026 को आयोजित होने वाली थी. आयोग द्वारा जारी आधिकारिक नोटिस के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट में दायर एक रिट याचिका पर सुनवाई के दौरान 22 मई 2026 को पारित अंतरिम आदेश के बाद यह फैसला लिया गया. कोर्ट के आदेश के आलोक में BPSC ने प्रारंभिक परीक्षा को अगले आदेश तक टालने का निर्णय लिया है. नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि फिलहाल परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी. हालांकि नई परीक्षा तिथि की घोषणा अभी नहीं की गई है. ऐसे में अभ्यर्थियों को अब आयोग की अगली अधिसूचना का इंतजार करना होगा.
-
राजस्व विभाग में 8054 पदों पर होगी बहाली
बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. राज्य में राजस्व कर्मचारियों के 8054 पदों पर जल्द बहाली की जाएगी. इसको लेकर कर्मचारी चयन आयोग 15 जून के बाद आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी करेगा. राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने इसकी जानकारी दी.
-
बिहार में पेट्रोल ₹2.61 और डीजल ₹2.71 प्रति लीटर महंगा
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों पर लगातार देखने को मिल रहा है. इसी बीच देशभर में पेट्रोल और डीजल के दामों में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है. नई दरों के अनुसार, पेट्रोल की कीमत में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 2.71 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है. इसके बाद पटना में पेट्रोल 112.70 रुपये प्रति लीटर और डीजल 99.87 रुपये प्रति लीटर हो गया है. इससे पहले 23 मई को भी पेट्रोल के दाम में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी. पिछले 12 दिनों में यह चौथी बार है जब पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इजाफा हुआ है.
-
तेजस्वी का CM पर हमला, दावा-बिहार से 8,681 बच्चे गायब
राजद नेता तेजस्वी यादव ने बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर एनडीए सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा हमला बोला. सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट में उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में अपराध लगातार बढ़ रहा है और सरकार स्थिति संभालने में विफल साबित हो रही है.
तेजस्वी यादव ने दावा किया कि पिछले एक महीने में बिहार से 8,681 बच्चे लापता हुए हैं, जिनमें लगभग 85 प्रतिशत लड़कियां हैं. उन्होंने इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए सरकार से जवाब मांगा. उन्होंने एनडीए सरकार को बयानबाजी करने वाली सरकार करार देते हुए आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष केवल दावे और भाषण दे रहा है, जबकि जमीनी स्तर पर महिलाएं, बच्चे और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.
-
मंगलवार को बारिश का ऑरेंज अलर्ट
बिहार के 26 जिलों में मंगलवार को बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले कुछ दिनों तक गर्मी से हल्की राहत मिलने की संभावना है. साथ ही अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है.