Bihar ki Dinbhar ki khabar : बिहार से जुड़ी आज की सबसे बड़ी खबर आई दिल्ली से, जहां सुप्रीम कोर्ट ने वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) को वैध और संवैधानिक प्रक्रिया बताया. आज पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में राज्य कैबिनेट बैठक में ये महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. बैठक में कुल 27 एजेंडों पर मुहर लगाई गई. पढ़िए आज दिन भर की बड़ी खबरें…
-
वैध और संवैधानिक है SIR की प्रक्रिया..सुप्रीम कोर्ट ने सुनाया फैसला
सुप्रीम कोर्ट ने वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) को वैध और संवैधानिक ठहराया है. चीफ जस्टिस सूर्यकांत की बेंच ने बुधवार को कहा कि SIR प्रक्रिया मनमानी नहीं है और चुनाव आयोग को इसे संचालित करने का अधिकार है. कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि चुनाव आयोग वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने या हटाने के लिए नागरिकता की जांच कर सकता है, लेकिन यह जांच केवल चुनावी उद्देश्यों तक सीमित रहेगी. जून 2025 में बिहार से शुरू हुई SIR प्रक्रिया अब तक 10 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में पूरी हो चुकी है. इस दौरान कुल 7.41 करोड़ वोटर्स के नाम सूची से हटाए गए, जिनमें सबसे अधिक 2.89 करोड़ नाम उत्तर प्रदेश से कटे. बिहार के बाद पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी SIR कराया गया, जबकि असम में स्पेशल रिवीजन (SR) किया गया. बिहार SIR के खिलाफ दायर याचिकाओं के जरिए यह मामला सबसे पहले सुप्रीम कोर्ट पहुंचा था.
-
बिहार पुलिस कॉन्स्टेबल के लिए 19,838 अभ्यर्थियों का चयन
CSBC (Central Selection Board of Constable) ने बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा-2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है. बिहार पुलिस कॉन्स्टेबल के लिए कुल 19,838 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है, जिनमें 17 ट्रांसजेंडर उम्मीदवार भी शामिल हैं. उम्मीदवार अपना परिणाम CSBC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं. इस भर्ती प्रक्रिया के लिए कुल 17,06,628 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था.
-
सम्राट कैबिनेट में कुल 27 एजेंडों पर मुहर
बिहार सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा शुरू करने का फैसला किया है. यह सुविधा रिटायर्ड कर्मियों, विधायकों, एमएलसी, विधानमंडल के पूर्व सदस्यों और उनके आश्रितों को भी मिलेगी. इसके साथ ही राज्य में करीब 3744 करोड़ रुपये की लागत से पांच स्टेट हाईवे के निर्माण और चौड़ीकरण को मंजूरी दी गई है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई राज्य कैबिनेट बैठक में ये महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. बैठक में कुल 27 एजेंडों पर मुहर लगाई गई.
-
केंद्र सरकार ने सार्थक पीडीएस योजना को दी मंजूरी
केंद्र सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को और प्रभावी बनाने के लिए सार्थक पीडीएस योजना को जारी रखने की मंजूरी दे दी है. केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इस योजना के लिए ₹25,530 करोड़ के आवंटन को स्वीकृति मिली. सूचना एवं प्रसारण मंत्री Ashwini Vaishnaw ने नई दिल्ली में बताया कि योजना के तहत तीन बड़े सुधार किए जाएंगे. पहला, भारतीय खाद्य निगम (FCI) के गोदामों से राशन को जिलों और उचित मूल्य दुकानों तक पहुंचाने की लागत में राज्यों को सहायता दी जाएगी. दूसरा, फेयर प्राइस शॉप डीलरों के पारिश्रमिक में वृद्धि की जाएगी. तीसरा तकनीक के उपयोग से सार्वजनिक वितरण प्रणाली को आधुनिक बनाया जाएगा.
-
एससी-एसटी छात्रों के लिए छात्रवृत्ति योजनाओं पर जोर
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अनुसूचित जाति और जनजाति के छात्रों के उत्थान के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है. पटना में आयोजित जनजातीय गरिमा उत्सव 2026 कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत लगभग 1.44 लाख छात्रों को लाभ मिला है. वहीं प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना से 1.41 लाख जनजातीय छात्र लाभान्वित हुए हैं.
-
बकरीद को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
बकरीद के मद्देनजर पूरे बिहार में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है. मुख्य सचिव Pratyaya Amrit ने बताया कि सभी जिलों को शांति और सौहार्द बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं. डीजीपी Vinay Kumar ने संवेदनशील इलाकों में विशेष गश्ती और फ्लैग मार्च के निर्देश दिए हैं. सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही है.
-
बिहार में गर्मी का कहर, कई जिलों में बारिश का अलर्ट
बिहार के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी जारी है. राज्य में अधिकतम तापमान 31 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. कैमूर का भभुआ 43.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि पटना का तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. India Meteorological Department ने पूर्णिया और मधेपुरा में तेज हवा और मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है. दक्षिण बिहार के कई जिलों में वज्रपात और मेघ गर्जन की संभावना जताई गई है. गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों के संचालन पर रोक लगा दी है. कक्षा 9 और 10 की पढ़ाई भी सुबह 11 बजे तक सीमित कर दी गई है.