Bihar news Today : नीतीश कुमार ने उपमुख्यमंत्री से मांगा रिपोर्ट, राज्य में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

Bihar ki Dinbhar ki khabar : बिहार की राजनीति से विदा ले चुके नीतीश गुरुवार को एक बार फिर से अपने पूराने अंदाज में दिखें. पूर्व मुख्यमंत्री ने विजय चौधरी से मुलाकात की और काम काज का व्यौरा लिया. आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दो दिवसीय दिल्ली दौरे पर पहुंचे. पढ़िए आज की बड़ी खबरें…

  • संविदा और आउटसोर्स महिला स्टाफ को मिलेगा 2 दिन वाला विशेष छुट्टी

बिहार की सम्राट सरकार ने राज्य की कामकाजी महिलाओं के हित में एक अहम और ऐतिहासिक निर्णय लिया है. एनडीए सरकार की इस नई पहल के तहत अब राज्य की संविदा, बेलट्रॉन और आउटसोर्सिंग महिला कर्मचारियों को हर महीने 2 दिनों की विशेष छुट्टी (स्पेशल लीव) दी जाएगी.नसरकार के इस फैसले से राज्य की करीब डेढ़ लाख से अधिक महिला कर्मियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है. लंबे समय से संविदा और आउटसोर्सिंग पर कार्यरत महिला कर्मचारियों द्वारा नियमित सरकारी महिला कर्मियों की तरह विशेष अवकाश की मांग की जा रही थी. अब सरकार ने उनकी इस मांग को स्वीकार करते हुए नई नीति को मंजूरी दे दी है. इस फैसले के साथ बिहार देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है, जिसने संविदा और आउटसोर्सिंग स्तर पर कार्यरत महिलाओं को प्रति माह 2 दिनों की विशेष छुट्टी देने की व्यवस्था लागू की है. सरकार के इस कदम को महिला सशक्तिकरण और कार्यस्थल पर संवेदनशीलता की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है.

  • JDU ऑफिस पहुंचे नीतीश कुमार..उपमुख्यमंत्री से मांगी रिपोर्ट

गुरुवार को एक बार फिर से पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूरी तरह सक्रिय अंदाज में नजर आए. सुबह-सुबह वह सीधे डिप्टी सीएम Vijay Kumar Chaudhary के आवास पहुंचे, जहां दोनों नेताओं के बीच कुछ देर तक अहम बातचीत हुई. डिप्टी सीएम से मुलाकात के बाद जब नीतीश कुमार अपनी गाड़ी की ओर बढ़ रहे थे, तभी उन्होंने अचानक सुरक्षाकर्मियों को रुकने का इशारा किया. इसके बाद वह गाड़ी के पास ही ठहर गए और विजय चौधरी भी उनके पास पहुंच गए. दोनों नेताओं के बीच कुछ देर तक गंभीर चर्चा हुई. बातचीत खत्म होने के बाद नीतीश कुमार गाड़ी में बैठे और एक बार फिर शाम में मिलने की बात दोहराई. विजय चौधरी से मुलाकात के बाद नीतीश कुमार अचानक Janata Dal (United) के प्रदेश कार्यालय पहुंच गए. वहां रोज की तरह जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित होना था. गुरुवार के कार्यक्रम में मंत्री Ashok Choudhary, Madan Sahni और Shweta Gupta को मौजूद रहना था, लेकिन नीतीश कुमार के पहुंचने के समय तीनों मंत्री वहां नहीं थे. करीब 10 मिनट तक जदयू कार्यालय में रुकने के दौरान नीतीश Kumar ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से बातचीत की. उन्होंने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि चिंता मत कीजिए, काम करते रहिए… सब कुछ ठीक हो रहा है.

  • TRE-4 शिक्षक भर्ती को लेकर नीतीश कुमार से मिले छात्र नेता दिलीप कुमार

छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में अभ्यर्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं. प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से TRE-4 भर्ती का विज्ञापन जल्द जारी करने की मांग की. अभ्यर्थियों का कहना है कि राज्य में 46 हजार से अधिक शिक्षक पद खाली हैं, इसलिए भर्ती प्रक्रिया में अब और देरी नहीं होनी चाहिए. छात्र नेताओं ने यह भी मांग उठाई कि पूरी बहाली प्रक्रिया केवल एक ही परीक्षा के माध्यम से पूरी की जाए, ताकि अभ्यर्थियों को बार-बार परीक्षा देने और लंबी चयन प्रक्रिया का सामना न करना पड़े.

  • सरकारी स्कूलों में 1 जून से लगेगा समर कैंप

बिहार के सरकारी मध्य विद्यालयों में 1 जून से समर कैंप शुरू होने जा रहा है. इसे लेकर शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं और सभी स्कूलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं. इस समर कैंप का उद्देश्य कक्षा 5 और 6 के कमजोर एवं चिन्हित विद्यार्थियों की शैक्षणिक क्षमता को मजबूत करना है, ताकि उनकी बुनियादी पढ़ाई में सुधार हो सके. शिक्षा विभाग के मुताबिक समर कैंप में विशेष रूप से उन बच्चों पर ध्यान दिया जाएगा जो पढ़ाई में कमजोर हैं या एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी) कार्यक्रम के तहत चिन्हित किए गए हैं. कैंप के दौरान बच्चों को पढ़ने, लिखने, गणित और बुनियादी समझ विकसित करने के लिए गतिविधि-आधारित प्रशिक्षण दिया जाएगा. विभाग का मानना है कि इस पहल से बच्चों की सीखने की क्षमता में तेजी से सुधार होगा और वे आगे की पढ़ाई के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकेंगे.

  • दिल्ली दौरे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दो दिवसीय दिल्ली दौरे पर हैं. इस दौरान वे राष्ट्रपति Droupadi Murmu समेत एनडीए नेताओं से मुलाकात करेंगे. मुख्यमंत्री राष्ट्रपति को भागलपुर स्थित तिलकपुर गांव में स्वतंत्रता सेनानी Tilka Manjhi की प्रतिमा अनावरण समारोह में शामिल होने का निमंत्रण देंगे.

  • भोजपुरी बवाल में दिखाई देंगे तेजप्रताप यादव !

राजनीति में अपने अलग अंदाज और अनोखी छवि के लिए अक्सर सुर्खियों में रहने वाले Tej Pratap Yadav अब एक नए अवतार में नजर आने वाले हैं. कभी व्लॉगिंग, कभी संत का रूप और कभी पायलट बनकर चर्चा बटोरने वाले तेज प्रताप अब भोजपुरी इंडस्ट्री के चर्चित रियलिटी शो भोजपुरी बवाल में दिखाई देंगे. भोजपुरी इंडस्ट्री का नया रियलिटी शो भोजपुरी बवाल जल्द ही लॉन्च होने जा रहा है. इस शो में भोजपुरी सिनेमा और राजनीति जगत की कई चर्चित हस्तियां एक मंच पर नजर आएंगी. शो में Pawan Singh, Dinesh Lal Yadav, Amrapali Dubey और Kajal Raghwani जैसे बड़े सितारे शामिल होंगे. हालांकि, सबसे ज्यादा चर्चा तेज प्रताप यादव की एंट्री को लेकर हो रही है, जिसे लेकर दर्शकों में खास उत्साह देखा जा रहा है.

  • बिहार के खिलाड़ियों का पैरा एथलेटिक्स में शानदार प्रदर्शन

बेंगलुरु में आयोजित 8वीं इंडियन ओपन पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में बिहार ने दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक सहित कुल चार पदक जीते. बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के अनुसार शैलेश कुमार और हिमांशु यादव ने पैरा एशियन गेम्स के लिए क्वालीफाई भी कर लिया है.

  • बिहार में मौसम का कहर

बिहार के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में आंधी, बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि की घटनाओं में आठ लोगों की मौत हो गई. खगड़िया और मुजफ्फरपुर में दो-दो लोगों की जान गई, जबकि मुंगेर, भागलपुर, पूर्वी चंपारण और पश्चिम चंपारण में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये अनुग्रह राशि देने के निर्देश दिए हैं. पूरे राज्य में अगले तीन दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने मधुबनी, शिवहर और सीतामढ़ी समेत कई जिलों में तेज हवाओं और वज्रपात की चेतावनी जारी की है. हवा की गति 50 से 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को बिहार के सभी 38 जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है. कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. पिछले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *