Bihar News Today : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया विक्रमशिला पुल का निरीक्षण..बिहार में बढ़ेगी गर्मी

Bihar ki Dinbhar ki khabar : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को आकाशवाणी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात के 134वें संस्करण में बिहार की पारंपरिक पहचान और स्थानीय उत्पादों का विशेष उल्लेख किया. उन्होंने भीषण गर्मी से राहत देने वाले देसी पेय पदार्थों की चर्चा करते हुए बिहार के प्रसिद्ध सत्तू शरबत को देशभर के लोगों के लिए उपयोगी बताया. प्रधानमंत्री ने देश के विभिन्न क्षेत्रों के प्रसिद्ध आमों का जिक्र करते हुए बिहार के जरदालू, चौसा और मालदा आम की विशेष सराहना की. उन्होंने कहा कि भारतीय आम अब वैश्विक बाजार में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं और देश की कृषि अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं. कार्यक्रम को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार के सत्तू और जरदालू आम का राष्ट्रीय मंच पर उल्लेख राज्य के लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि इससे बिहार की सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिलेगी.

  • सरकारी आवास खाली करने के नोटिस पर रोहिणी आचार्य का सरकार को खुला चुनौती

10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने को लेकर जारी नोटिस के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और लालू परिवार सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाए हुए हैं. इस बीच राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने भी इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सरकार को चुनौती देते हुए लिखा कि अगर हिम्मत है तो सरकार जबरन बंगला खाली करवाए. उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में बहस तेज हो गई है. राजद नेताओं का आरोप है कि सरकार राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से कार्रवाई कर रही है, जबकि सरकार की ओर से इसे नियमों के अनुरूप प्रशासनिक प्रक्रिया बताया जा रहा है. आने वाले दिनों में यह मुद्दा बिहार की राजनीति में और गरमा सकता है.

  • साधु यादव का बड़ा बयान बोले- शहाबुद्दीन की वजह से बदनाम हुई पार्टी

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े साले और पूर्व सांसद साधु यादव ने एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में दिवंगत पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन को लेकर बड़ा बयान दिया है. साधु यादव ने कहा कि शहाबुद्दीन के कारण पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा और यादव समाज की राजनीति पर भी इसका असर पड़ा. उन्होंने दावा किया कि शहाबुद्दीन उनके सामने खड़े होने की हिम्मत नहीं रखते थे. इंटरव्यू के दौरान उन्होंने बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के राजनीतिक नेतृत्व और कार्यशैली पर भी अपनी राय रखी. साधु यादव के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं और विपक्षी दल भी इसे लेकर प्रतिक्रिया दे सकते हैं.

  • बिहार में बढ़ेगी गर्मी,छह जिलों में हल्की बारिश के आसार

बिहार में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार किशनगंज, पूर्णिया समेत उत्तर-पूर्वी बिहार के छह जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है. विभाग ने कुछ स्थानों पर तेज हवा, मेघगर्जन और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की है. वहीं राज्य के अधिकांश जिलों में गर्मी का असर और बढ़ने की संभावना जताई गई है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है. लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है.

  • मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया विक्रमशिला पुल का निरीक्षण

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को भागलपुर दौरे के दौरान ₹203 करोड़ की लागत से तैयार 84 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस अवसर पर उन्होंने विक्रमशिला पुल और गंगापथ परियोजना का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने का निर्देश देते हुए कहा कि विक्रमशिला सेतु पर जल्द आवागमन शुरू कराने की दिशा में सरकार गंभीरता से काम कर रही है. उन्होंने क्षेत्र के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं.