Bihar news Today : विधान परिषद की 10 सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू,10 सर्कुलर रोड आवास को लेकर सियासत तेज

Bihar ki Dinbhar ki khabar : बिहार विधान परिषद की रिक्त 10 सीटों के चुनाव के लिए सोमवार को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई. उधर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने को लेकर राज्य की राजनीति गरमा गई है और सत्ता पक्ष तथा विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है. पढ़िए आज की दूसरी बड़ी खबर(Bihar News Today )…

  • बिहार विधान परिषद की 10 सीटों के लिए शुरू हुआ चुनाव प्रक्रिया

बिहार विधान परिषद की रिक्त 10 सीटों के चुनाव के लिए सोमवार को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई. निर्वाचन आयोग के अनुसार उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे, जबकि 11 जून तक नाम वापस लेने की अनुमति होगी. इन सीटों के लिए 18 जून को मतदान कराया जाएगा और उसी दिन मतगणना भी होगी. इन 10 सीटों में से 9 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव हो रहे हैं, जबकि एक सीट पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे के कारण रिक्त हुई थी, जिस पर उपचुनाव कराया जा रहा है. गौरतलब है कि डॉ. कुमुद वर्मा, प्रो. गुलाम गौस और सुनील कुमार सिंह समेत नौ विधान पार्षदों का कार्यकाल 28 जून को समाप्त हो रहा है.

  • विकास परियोजनाओं में तेजी लाने का निर्देश

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार के लिए घोषित प्रधानमंत्री पैकेज और केंद्रीय बजट की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश अधिकारियों को दिया है. पटना में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने सभी परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने पर जोर दिया. समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की राशि प्रत्येक माह की 10 तारीख तक लाभार्थियों के खातों में पहुंच जाए. उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों की डिजिटल निगरानी, बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति और रिक्त पदों को शीघ्र भरने पर भी बल दिया.

  • 10 सर्कुलर रोड आवास को लेकर सियासत तेज

पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने के लिए राज्य सरकार की ओर से एक बार फिर नोटिस जारी किया गया है. इस मुद्दे को लेकर राज्य की राजनीति गरमा गई है और सत्ता पक्ष तथा विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है. राबड़ी देवी और उनकी पुत्री रोहिणी आचार्य पहले ही आवास खाली करने के आदेश को चुनौती दे चुकी हैं. मामले को लेकर सोमवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में सत्ताधारी दल विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रहा है. सिद्दीकी ने कहा कि यदि पूर्व मुख्यमंत्री के तौर पर नीतीश कुमार और जीतन राम मांझी को सरकारी आवास उपलब्ध कराया गया है, तो फिर राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को यह सुविधा क्यों नहीं दी गई. वहीं, जनता दल (यूनाइटेड) कोटे से राज्य सरकार में मंत्री लेसी सिंह ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सरकारी आवास आवंटन और खाली कराने की प्रक्रिया कानून और नियमों के अनुसार होती है. उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को निर्धारित नियमों का पालन करना होगा और आवास संबंधी मामले में भी कानूनी प्रावधानों का अनुपालन आवश्यक है.

  • राष्ट्रव्यापी खेत बचाओ अभियान का शुभारंभ

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश के रायसेन जिले से राष्ट्रव्यापी खेत बचाओ अभियान की शुरुआत की. एक महीने तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग, मिट्टी संरक्षण और वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक करना है. अभियान के दौरान किसानों को मिट्टी परीक्षण, सॉइल हेल्थ कार्ड, प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण तथा विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी दी जाएगी. बिहार में कृषि भवन पटना में आयोजित कार्यक्रम में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने किसानों से रासायनिक खाद के स्थान पर हरित एवं जैविक खाद के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की.

  • नीट-यूजी 2026 परीक्षा पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला

सुप्रीम कोर्ट ने नीट-यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा कंप्यूटर आधारित माध्यम से कराने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी है. याचिकाकर्ताओं ने वर्तमान पेन और पेपर प्रणाली के स्थान पर ऑनलाइन परीक्षा आयोजित करने की मांग की थी. न्यायालय ने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी पहले से कई चुनौतियों का सामना कर रही है. मामले की अगली सुनवाई 27 जुलाई को होगी.

  • नगर निकायों में कल से शुरू होंगे सहयोग शिविर

आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य के नगर निकायों में 2 जून से सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे. पंचायतों की तर्ज पर आयोजित इन शिविरों में प्राप्त आवेदनों का निपटारा 30 दिनों के भीतर करने का लक्ष्य रखा गया है. सरकार ने इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 1100 भी जारी किया है.

  • बस किराया और व्यावसायिक गैस सिलेंडर महंगे

राज्य में सरकारी बसों से यात्रा करना अब महंगा हो गया है. परिवहन विभाग ने बस किराए में 10 से 15 प्रतिशत तक की वृद्धि की है. सिटी बसों के किराए में भी बढ़ोतरी लागू कर दी गई है. वहीं तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 53.50 रुपये की वृद्धि की है. इसके बाद पटना में एक कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3,414.50 रुपये हो गई है. घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.

  • गर्मी को देखते हुए पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

राज्य सरकार ने सभी जिलों को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा खराब पड़े चापाकलों को 15 जून तक चालू करने का निर्देश दिया है. मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को संवेदनशील भारत-नेपाल सीमा क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को भी कहा.

  • जेईई एडवांस्ड 2026 में बिहार का परचम

गया के छात्र शुभम कुमार ने जेईई एडवांस्ड 2026 में देशभर में पहला स्थान हासिल कर बिहार का नाम रोशन किया है. शुभम ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और कड़ी मेहनत को दिया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी और विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई दी है.

  • मौसम विभाग का अलर्ट

राज्य के दक्षिणी जिलों सहित कई क्षेत्रों में सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में सिवान जिले के हुसैनगंज में सबसे अधिक 16 मिलीमीटर वर्षा हुई. विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है.

  • 21 जून को होगी जदयू राष्ट्रीय परिषद की बैठक

जनता दल (यूनाइटेड) की राष्ट्रीय परिषद की बैठक 21 जून को पटना में आयोजित होगी. पार्टी के अनुसार बैठक का मुख्य एजेंडा राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर नीतीश कुमार के निर्वाचन की औपचारिक पुष्टि करना है.

Bihar News Today : अन्य प्रमुख समाचार

  • नागालैंड के राज्यपाल नंद किशोर यादव ने पटना में ‘रामायण परिपथ बिहार’ पुस्तक का लोकार्पण किया.
  • बिहार संग्रहालय में 2 से 7 जून तक समर कैंप आयोजित किया जाएगा.
  • मुजफ्फरपुर में कुख्यात अपराधी गोविंद शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई.
  • बेगूसराय में पुलिस ने 83 लीटर शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया.
  • बिहार के एथलीट पीयूष राज ने जूनियर एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता.
  • सोनपुर के रितेश रंजन ने नेपाल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया.