Bihar news Today : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का लालू परिवार पर हमला,विधान परिषद सीट पर AIMIM का दावा

Bihar ki Dinbhar ki khabar : बिहार की राजनीति में सरकारी आवास को लेकर जारी विवाद पर आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लालू परिवार पर हमला बोला. उधर बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर राज्य की राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं. इसी बीच ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने एक सीट पर अपना दावा किया है. पढ़िए आज दिन की दूसरी बड़ी खबरें..

  • अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति : मुख्यमंत्री

बिहार में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित निपटारे के उद्देश्य से सोमवार को बिहार की सभी पंचायतों और नगर निकायों में विशेष सहयोग शिविर आयोजित किए गए. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खुद शेखपुरा और मुजफ्फरपुर जिलों में आयोजित शिविरों में भाग लेकर लोगों की शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. शेखपुरा जिले के सामस बुजुर्ग पंचायत में आयोजित शिविर को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की शिकायतों को लंबित रखना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी आवेदन पर 10 दिनों तक कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में मुख्यमंत्री कार्यालय स्वतः संज्ञान लेगा और संबंधित अधिकारी को नोटिस जारी किया जाएगा. 30 दिनों तक कार्रवाई नहीं होने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ स्वतः निलंबन की प्रक्रिया शुरू होगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है. उन्होंने कहा कि यदि कोई अपराधी कानून व्यवस्था को चुनौती देगा तो पुलिस 48 घंटे के भीतर प्रभावी कार्रवाई करेगी. इस अवसर पर उन्होंने लगभग 53 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया.

  • CBSE चेयरमैन और सचिव हटाए गए

केंद्र सरकार ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता को तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटाते हुए उनका तबादला कर दिया है. यह कार्रवाई बोर्ड की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सेवाओं की खरीद प्रक्रिया में सामने आई कथित अनियमितताओं और विवादों के बाद की गई है. सरकार ने पूरे मामले की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है, जिसकी अध्यक्षता क्षमता निर्माण आयोग की अध्यक्ष एस. राधा चौहान करेंगी. समिति को एक महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग को सौंपने का निर्देश दिया गया है.

  • बिहार में अनुदानित मदरसों की होगी जांच

बिहार सरकार ने राज्य के अनुदान प्राप्त मदरसों की स्थलीय जांच कराने का फैसला किया है. शिक्षा विभाग के सचिव विनोद सिंह कुंजियाल ने बताया कि प्रत्येक प्रखंड में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की जाएगी. समिति की अध्यक्षता संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) या अंचलाधिकारी करेंगे, जबकि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सदस्य सचिव होंगे. इसके अलावा प्रखंड मुख्यालय स्थित किसी माध्यमिक या उच्च माध्यमिक विद्यालय के वरिष्ठ प्रधानाध्यापक को सदस्य बनाया जाएगा. समिति को 10 दिनों के भीतर फोटो और अन्य साक्ष्यों सहित अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं. शिक्षा विभाग ने संस्कृत विद्यालयों की स्थिति का मूल्यांकन करने के लिए भी अलग समिति गठित करने का निर्णय लिया है.

  • मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का लालू परिवार पर हमला, कहा-बंगला किसी की बपौती नहीं

बिहार की राजनीति में सरकारी आवास को लेकर जारी विवाद के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के परिवार पर तीखा हमला बोला है. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकारी आवास किसी की निजी संपत्ति नहीं है और नियमों के अनुसार उसे खाली करना ही होगा. मुजफ्फरपुर के मोतीपुर प्रखंड स्थित परसोनीनाथ पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में मुख्यमंत्री ने राबड़ी देवी के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि बंगला खाली नहीं होगा, फोर्स बुलाकर खाली करवा लीजिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोगों को लगता है कि उनका घर खाली नहीं होगा, लेकिन यह तय है कि सरकारी आवास खाली होगा. धरती पर कोई इसे रोक नहीं सकता. यह लोकतंत्र है, कोई राजतंत्र नहीं. उन्होंने कहा कि सरकारी सुविधाओं का लाभ नियमों के तहत ही मिलना चाहिए. मां को अलग घर चाहिए, बेटे को अलग घर चाहिए और सभी को अलग-अलग सुरक्षा चाहिए. ऐसे में सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग स्वीकार नहीं किया जा सकता.

  • विधान परिषद सीट पर AIMIM का दावा, अख्तरुल इमान बोले- तेजस्वी यादव निभाएं वादा

बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं. इसी बीच ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने एक सीट पर अपना दावा पेश कर दिया है. पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक अख्तरुल इमान ने कहा है कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव को राज्यसभा चुनाव के दौरान किया गया वादा निभाना चाहिए. अख्तरुल इमान ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के समय उनकी पार्टी ने राजद को पूरा सहयोग दिया था. उस दौरान AIMIM भी एक सीट की दावेदार थी, लेकिन तेजस्वी यादव ने भविष्य में उचित अवसर देने का आश्वासन दिया था. उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव के समय हमने सीट की मांग की थी, लेकिन हमें भरोसा दिलाया गया था कि आगे हमारे लिए अवसर देखा जाएगा. अब समय आ गया है कि उस वादे को पूरा किया जाए. AIMIM नेता ने कहा कि उनकी पार्टी के पास पर्याप्त संख्या बल नहीं है, इसलिए राजनीतिक सहयोग आवश्यक है. उन्होंने दावा किया कि राज्यसभा चुनाव के दौरान उनकी पार्टी ने पूरी ईमानदारी और मजबूती के साथ महागठबंधन का समर्थन किया था.

  • बारिश थमने के बाद बढ़ी उमस और गर्मी

बिहार में बारिश की गतिविधियों में कमी आने के बाद एक बार फिर उमस भरी गर्मी का दौर शुरू हो गया है. मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में 39.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ भभुआ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा. अगले दो से तीन दिनों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है. मौसम विभाग ने बताया कि न्यूनतम तापमान में अगले तीन से चार दिनों तक कोई परिवर्तन होने की संभावना नहीं है.