Patna coaching controversy : बिहार की राजधानी पटना इन दिनों अपने दो चर्चित कोचिंग संस्थानों के बीच कथित विवाद को लेकर सुर्खियों में हैं. दरअसल पटना के मुसल्लहपुर इलाके में स्थित दो चर्चित संस्थानों खान ग्लोबल स्टडीज (KGS) और ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े लोगों के बीच हिंसक झड़प, तोड़फोड़ और कथित फायरिंग की घटना सामने आई. मामले में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं. वहीं घटना को लेकर पुलिस में कुछ गिरफ्तारी भी की और आगे की जांच अभी जारी है.
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार 2 जून की रात करीब 10:10 बजे खान ग्लोबल स्टडीज परिसर में पथराव और तोड़फोड़ की सूचना मिली. संस्थान के संस्थापक फैजल खान उर्फ खान सर ने आरोप लगाया कि पड़ोसी कोचिंग संस्थान से जुड़े लोगों ने हमला किया, संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और फायरिंग भी की. हालांकि शुरुआती जांच में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर तोड़फोड़ और मारपीट की पुष्टि की, लेकिन फायरिंग की पुष्टि तत्काल नहीं हो सकी. जिसके बाद पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रोशन आनंद समेत उनके दो सहयोगियों अभिषेक और गौरव को गिरफ्तार कर लिया. इसके अगले दिन फायरिंग का वीडियो सामने आया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस खान सर के कोचिंग संस्थान पहुंची और वीडियो में दिखाई दे रहे दो सुरक्षा कर्मियों को पूछताछ के लिए कदमकुआं थाना ले गई. करीब तीन घंटे की पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के अनुसार, दोनों के हथियार भी जब्त कर लिए गए हैं और उनका सत्यापन कराया जा रहा है.
दोनों पक्षों के दावे आमने-सामने
ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रोशन आनंद ने कोर्ट ले जाए जाने के दौरान अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने पूरे मामले को एक साजिश करार देते हुए खुद पर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है. जबकि खान सर ने आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ लोगों को उनकी तरक्की रास नहीं आ रही. घटना को लेकर खान सर के समर्थकों ने दावा किया कि पहले उनकी ओर हमला हुआ और उसके बाद सुरक्षा कारणों से गार्डों ने हवाई फायरिंग की. दूसरी ओर ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े लोगों का आरोप है कि गोलीबारी खान सर के पक्ष से हुई और बाद में इसका आरोप उन पर लगाया गया. इस दावे के समर्थन में एक वीडियो भी सार्वजनिक किया गया. ज्ञान बिंदु प्रबंधन का कहना है कि वायरल वीडियो में हथियार चलाते दिखाई देने वाले लोग खान सर के पक्ष से जुड़े हैं. वहीं खान सर के प्रबंधन ने कहा कि सुरक्षा गार्डों ने केवल हमलावरों को डराने के लिए हवाई फायरिंग की थी.
घटना के बाद खान ग्लोबल स्टडीज से जुड़े एक प्रतिनिधि द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में ज्ञान बिंदु के निदेशक रोशन आनंद सहित कई लोगों को नामजद किया गया. पुलिस ने रोशन आनंद, अभिषेक और गौरव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया और खान सर के दो सुरक्षा कर्मियों को भी हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया. पुलिस अब दोनों पक्षों की भूमिका की जांच कर रही है.
क्यों हो रहा विवाद
जानकारों का मानना है कि यह विवाद केवल एक घटना नहीं बल्कि लंबे समय से चल रही प्रतिस्पर्धा का परिणाम है. दोनों संस्थान बिहार पुलिस, दरोगा और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराते हैं और छात्रों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं. रिपोर्ट के अनुसार हाल ही में बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा के परिणाम आने के बाद दोनों संस्थानों ने बड़ी संख्या में चयन का दावा किया. एक पक्ष ने लगभग 12,000 चयन और दूसरे ने करीब 10,000 चयन का दावा किया, जबकि कुल रिक्तियां 19,838 थीं. इससे दावों की विश्वसनीयता और चयन के श्रेय को लेकर बहस तेज हो गई. विवाद का दूसरा पहलू फीस और बाजार में दोनों संस्थानों के पकड़ को लेकर भी बताया जा रहा है. रिपोर्ट के अनुसार खान ग्लोबल स्टडीज ने अपने ऑनलाइन बैच की फीस ₹499 तक ऑफर की थी, जबकि ज्ञान बिंदु का समान बैच ₹999 में उपलब्ध था. विशेषज्ञों का मानना है कि कम फीस, अधिक चयन के दावे और सोशल मीडिया प्रचार ने प्रतिस्पर्धा को और तीखा बना दिया.
पटना की इस घटना ने बिहार की तेजी से बढ़ती कोचिंग इंडस्ट्री में प्रतिस्पर्धा, चयन के दावों, ब्रांडिंग और नियमन जैसे कई सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस जांच जारी है और फायरिंग की जिम्मेदारी को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है.