क्या भारतीय टी20 टीम को मिल गया अगला कप्तान? कितने कारगर साबित होंगे श्रेयस अय्यर..

Shreyas iyer : लगभग यह तय हो चुका है कि सूर्यकुमार यादव अब भारतीय टी20 टीम का कप्तान नहीं होंगे. अगर ऐसा होना है तो इस सवाल का जबाव भी तलाशा जाएगा कि सूर्यकुमार यादव के बाद कौन एमएस धोनी, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव की सफलता को और आगे लेकर जाएगा. मीडिया रिपोर्ट में ये सारी चर्चा श्रेयस अय्यर के नाम पर खत्म होती दिख रही है. लेकिन इसके साथ कई सवाल भी जुड़े हुए हैं. दरअसल पिछले कुछ वर्षों में भारतीय क्रिकेट ने कई सफल कप्तान देखे हैं, जिन्होंने न सिर्फ टीम के वर्चस्व को कायम रखा है बल्की अपनी-अपनी शैली से टीम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और अब जब भविष्य की ओर देखने का समय है, तो श्रेयस अय्यर का नाम सबसे मजबूत दावेदार के रूप में उभर रहा है जिनसे टीम को काफी उम्मीदें होंगी.

क्यों हो रही चर्चा

बीते कुछ सालों में श्रेयस अय्यर ने अपने करियर में केवल एक बल्लेबाज के रूप में ही नहीं, बल्कि मैदान पर उनका शांत स्वभाव, परिस्थितियों को पढ़ने की क्षमता और खिलाड़ियों पर भरोसा जताने का तरीका, एक कुशल कप्तान के रूप में भी खुद को स्थापित किया है. यही वजह है कि भारतीय टी20 टीम की संभावित कप्तानी को लेकर उनके नाम पर गंभीरता से चर्चा हो रही है. किसी भी कप्तान की सबसे बड़ी पहचान उसके परिणाम होते हैं, और इस कसौटी पर श्रेयस अय्यर खरे उतरते दिखाई देते हैं. वर्ष 2024 उनके नेतृत्व करियर का सबसे यादगार साल साबित हुआ, जब उन्होंने घरेलू क्रिकेट में मुंबई को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का चैंपियन बनाया और उसी वर्ष आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स को खिताब दिलाया. एक ही वर्ष में दो अलग-अलग टीमों को चैंपियन बनाना केवल संयोग नहीं, बल्कि नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है.

आईपीएल में उनकी उपलब्धियां और भी प्रभावशाली हैं. अय्यर ऐसे पहले कप्तान बने जिन्होंने तीन अलग-अलग फ्रेंचाइज़ियों, दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स को फाइनल तक पहुंचाया. दिल्ली को उन्होंने पहली बार आईपीएल फाइनल का सपना दिखाया, केकेआर को चैंपियन बनाया और पंजाब किंग्स को भी लंबे अंतराल के बाद खिताबी मुकाबले तक पहुंचाया. एक सफल कप्तान की पहचान केवल ट्रॉफियों से नहीं होती, बल्कि इस बात से भी होती है कि वह खिलाड़ियों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कैसे निकलवाता है. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में युवा खिलाड़ियों को खुलकर खेलने का अवसर मिला है. वे खिलाड़ियों पर विश्वास जताने वाले कप्तान दिखे तो कठिन परिस्थितियों में भी घबराहट दिखाने के बजाय समाधान खोजने पर ध्यान देते दिखाई दिए. उन्होंने बार-बार साबित किया है कि वे दबाव में टीम को संभाल सकते हैं, खिलाड़ियों को प्रेरित कर सकते हैं और बड़े मंच पर परिणाम दे सकते हैं.

कप्तानी का दबाव बल्लेबाजी पर नहीं

सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि कप्तानी का दबाव उनकी बल्लेबाजी पर नकारात्मक असर डालता हुआ दिखाई नहीं देता. टी20 क्रिकेट में सात हजार से अधिक रन, चार शतक और दर्जनों अर्धशतक इस बात का प्रमाण हैं कि वे नेतृत्व और व्यक्तिगत प्रदर्शन के बीच संतुलन बनाए रखने में सक्षम हैं. आधुनिक क्रिकेट में यह गुण बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि कप्तान से केवल रणनीति नहीं बल्कि प्रदर्शन के जरिए भी उदाहरण पेश करने की अपेक्षा की जाती है. हालांकि भारतीय टीम की कप्तानी का फैसला अंततः चयनकर्ताओं और बीसीसीआई के हाथ में है, लेकिन आंकड़े और हालिया प्रदर्शन यह संकेत देते हैं कि श्रेयस अय्यर ने इस भूमिका के लिए सबसे मजबूत दावेदार हैं. करियर में अभी तक खेले गए कुल 254 टी20 मैचों की 247 पारियों में अय्यर के नाम 35.02 के औसत और 138.47 के स्ट्राइक रेट से 7076 रन हैं. श्रेयस ने इस दौरान 4 शतक और 48 अर्धशतक भी लगाए हैं.

भारतीय टी20 क्रिकेट एक नए दौर की ओर बढ़ रहा है. ऐसे समय में टीम को ऐसे नेता की जरूरत होगी जो वर्तमान और भविष्य के बीच सेतु का काम कर सके. श्रेयस अय्यर ने अपने नेतृत्व, निरंतरता और सफलता के जरिए यह संदेश दिया है कि वे उस जिम्मेदारी को निभाने के लिए तैयार हैं. अब देखना यह है कि क्या भारतीय क्रिकेट प्रबंधन भी उनके नेतृत्व में भविष्य की तस्वीर देखता है.