FIFA World Cup 2026:12 जून से फुटबॉल के सबसे बड़े टूर्नामेंट FIFA वर्ल्ड कप 2026 का आगाज हो रहा है. टूर्नामेंट में दुनिया की 48 टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी. रिपोर्ट की मानें तो चैंपियन टीम पर इस पर पैसों की बारिश होने वाली है, इस बार FIFA ने टूर्नामेंट की प्राइज मनी में बड़ा इजाफा किया है.
विजेता टीम को मिलेंगे 476 करोड़ रुपये
फुटबॉल की गवर्निंग बॉडी FIFA ने 2026 वर्ल्ड कप के लिए कुल 655 मिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 6,240 करोड़ रुपये) की प्राइज मनी तय की है. यह रकम 2022 में कतर में आयोजित FIFA वर्ल्ड कप की तुलना में लगभग 50 प्रतिशत ज्यादा है. कतर वर्ल्ड कप में कुल 440 मिलियन डॉलर की पुरस्कार राशि बांटी गई थी. FIFA वर्ल्ड कप 2026 में खिताब जीतने वाली टीम को सबसे बड़ा इनाम मिलेगा. चैंपियन टीम के खाते में 50 मिलियन डॉलर यानी करीब 476 करोड़ रुपये जाएंगे. वहीं फाइनल में हारने वाली टीम भी मालामाल होगी और उसे 33 मिलियन डॉलर (करीब 314 करोड़ रुपये) मिलेंगे. तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 29 मिलियन डॉलर (करीब 276 करोड़ रुपये), जबकि चौथे स्थान वाली टीम को 27 मिलियन डॉलर (करीब 257 करोड़ रुपये) दिए जाएंगे.
FIFA World Cup 2026 की प्राइज मनी
- विजेता – 476 करोड़ रुपये
- उपविजेता -314 करोड़ रुपये
- तीसरा स्थान -276 करोड़ रुपये
- चौथा स्थान -257 करोड़ रुपये
- 5वां-8वां स्थान -181 करोड़ रुपये
- 9वां-16वां स्थान -143 करोड़ रुपये
- 17वां-32वां स्थान -105 करोड़ रुपये
- 33वां-48वां स्थान -86 करोड़ रुपये
बाहर होने वाली टीमों के लिए भी बड़ी रकम
FIFA ने सिर्फ शीर्ष टीमों के लिए ही नहीं, बल्कि शुरुआती दौर में बाहर होने वाली टीमों के लिए भी बड़ी रकम रखी है. क्वार्टर फाइनल में हारने वाली टीमों को 19 मिलियन डॉलर (करीब 181 करोड़ रुपये) मिलेंगे. राउंड ऑफ 16 में बाहर होने वाली टीमों को 15 मिलियन डॉलर (करीब 143 करोड़ रुपये) और राउंड ऑफ 32 से बाहर होने वाली टीमों को 11 मिलियन डॉलर (करीब 104-105 करोड़ रुपये) दिए जाएंगे. वहीं ग्रुप स्टेज से ही टूर्नामेंट से बाहर होने वाली टीमों को भी 9 मिलियन डॉलर (करीब 85-86 करोड़ रुपये) मिलेंगे.
48 टीमों वाला होगा ऐतिहासिक टूर्नामेंट
FIFA वर्ल्ड कप 2026 कई मायनों में ऐतिहासिक होने जा रहा है. पहली बार इस टूर्नामेंट में 48 टीमें हिस्सा लेंगी. मेजबानी की जिम्मेदारी तीन देशों अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको के पास है. बढ़ी हुई प्राइज मनी और ज्यादा टीमों की भागीदारी के साथ यह टूर्नामेंट फुटबॉल इतिहास के सबसे बड़े आयोजनों में शामिल होने जा रहा है.