12 जून से शुरू होगा फुटबॉल का सबसे बड़ा महाकुंभ…जानिए भारत में कब, कहां और कैसे देख सकेंगे लाइव स्ट्रीमिंग ?

FIFA World Cup 2026: फुटबॉल फैंस का इंतजार अब खत्म होने वाला है. दुनिया के सबसे बड़े खेल आयोजनों में शामिल फीफा वर्ल्ड कप इस बार नए अंदाज और बड़े फॉर्मेट के साथ शुरू होने जा रहा है. अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा संयुक्त रूप से इस टूर्नामेंट की मेजबानी करेंगे. भारतीय समयानुसार टूर्नामेंट की शुरुआत 12 जून से होगी, जबकि इसका फाइनल मुकाबला 20 जुलाई को खेला जाएगा. टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला मेजबान मेक्सिको और साउथ अफ्रीका के बीच खेला जाएगा. दोनों टीमें मेक्सिको सिटी के ऐतिहासिक एस्टाडियो एज़्टेका स्टेडियम में आमने-सामने होंगी. खास बात यह है कि 16 साल बाद दोनों टीमें एक बार फिर फीफा वर्ल्ड कप में भिड़ेंगी. इससे पहले दोनों का सामना 2010 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका में हुआ था.

FIFA World Cup 2026: कब और कहां होगा फाइनल?

फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला 19 जुलाई को अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित मेटलाइफ स्टेडियम में खेला जाएगा. भारतीय समय के अनुसार फाइनल 20 जुलाई को देखा जा सकेगा. ग्रुप स्टेज मुकाबले 27 जून तक चलेंगे. इसके बाद टूर्नामेंट नए शामिल किए गए राउंड ऑफ 32 चरण में प्रवेश करेगा, जहां से नॉकआउट मुकाबलों की शुरुआत होगी.

पहली बार 48 टीमें लेंगी हिस्सा, बदला टूर्नामेंट का फॉर्मेट

फीफा वर्ल्ड कप में पहली बार 48 टीमें हिस्सा लेंगी. टीमों को चार-चार के 12 ग्रुप में बांटा गया है, जिन्हें ग्रुप A से L तक नाम दिया गया है. हर टीम ग्रुप स्टेज में तीन मुकाबले खेलेगी. हर ग्रुप की टॉप-2 टीमें सीधे नॉकआउट राउंड में पहुंचेंगी. इसके अलावा सभी ग्रुपों में तीसरे स्थान पर रहने वाली आठ सर्वश्रेष्ठ टीमें भी राउंड ऑफ 32 में जगह बनाएंगी. क्वालिफिकेशन का फैसला पॉइंट्स, गोल डिफरेंस और किए गए गोल जैसे मानकों के आधार पर होगा.

कुल 104 मैच, अमेरिका में होंगे सबसे ज्यादा मुकाबले

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में कुल 104 मैच खेले जाएंगे. इनमें से 78 मुकाबले अमेरिका में आयोजित होंगे, जबकि मेक्सिको और कनाडा में 13-13 मैच खेले जाएंगे. नए फॉर्मेट के कारण विश्व कप जीतने वाली टीम को ट्रॉफी तक पहुंचने के लिए पहले की तुलना में एक अतिरिक्त नॉकआउट मुकाबला खेलना होगा.

भारत में कब और कैसे देख पाएंगे फीफा वर्ल्ड कप ?

भारत में फीफा वर्ल्ड कप के प्रसारण अधिकार जी ग्रुप ने हासिल किए हैं. टूर्नामेंट के सभी मुकाबलों का लाइव टेलीकास्ट Unite8 Sports 1, Unite8 Sports 1 HD, Unite8 Sports 2 और Unite8 Sports 2 HD चैनलों पर किया जाएगा. वहीं, ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग के लिए फैंस Zee5 ऐप और वेबसाइट पर मैच देख सकेंगे.