Bihar ki Dinbhar ki khabar : बिहार से सबसे बड़ी खबर आई भोजपुर से जहां पुलिस पर पिस्टल तानने और फायरिंग करने के आरोपी भरत तिवारी की बुधवार को पुलिस मुठभेड़ में मौत के बाद मामला तूल पकड़ रहा है. पुलिस की कार्रवाई को लेकर भरत के परिजनों और ग्रामीणों ने आरा-बक्सर फोरलेन पर 6 घंटे प्रदर्शन किया.वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि राज्य के विद्यालयों और कॉलेजों के आसपास छात्राओं की सुरक्षा के लिए पुलिस दीदी की तैनाती की जाएगी. पढ़िए आज दिन भर की बड़ी खबर (Bihar news Today)…
-
छात्राओं की सुरक्षा के लिए स्कूल-कॉलेजों के बाहर तैनात होंगी पुलिस दीदी
बिहार में छात्राओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाने की घोषणा की है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि राज्य के विद्यालयों और कॉलेजों के आसपास छात्राओं की सुरक्षा के लिए पुलिस दीदी की तैनाती की जाएगी. इसके लिए करीब 5000 स्कूटी और मोटरसाइकिल उपलब्ध कराई जा रही हैं. मुख्यमंत्री ने यह घोषणा पटना के गांधी मैदान में आयोजित बिहार रक्षा वाहिनी के नए नामांकित गृह रक्षकों के पासिंग आउट परेड समारोह को संबोधित करते हुए की. उन्होंने कहा कि स्कूल और कॉलेज जाने वाली छात्राओं को सुरक्षित और बेहतर माहौल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि स्कूल और कॉलेजों के सामने हमारी बेटियों और बहनों की सुरक्षा के लिए पुलिस दीदी तैनात रहेंगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस और गृह रक्षा वाहिनी की भूमिका महत्वपूर्ण है.
-
गृह रक्षकों का दैनिक भत्ता 774 रुपये से बढ़ाकर 1121 रुपये
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में अपराध और अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है. सरकार ने पुलिस और सुरक्षा बलों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी स्वतंत्रता दी है. उन्होंने गृह रक्षकों को अनुशासन, निष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ काम करने की अपील की. मुख्यमंत्री ने बताया कि गृह रक्षकों का दैनिक भत्ता 774 रुपये से बढ़ाकर 1121 रुपये कर दिया गया है.
-
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव का बिहार दौरा, कई रेल परियोजनाओं की मिलेगी सौगात
केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव एक दिवसीय बिहार दौरे पर पटना पहुंचेंगे. उनके दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा. कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री पटना स्थित सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क ऑफ इंडिया का दौरा करेंगे और डिजिटल नवाचार से जुड़े कार्यों की समीक्षा करेंगे. इसके बाद वह पाटलिपुत्र जंक्शन से छपरा जाएंगे. छपरा रेलवे स्टेशन से छपरा–आनंद विहार टर्मिनल नई रेल सेवा को हरी झंडी दिखाई जाएगी. इसके साथ ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अन्य रेल सेवाओं का भी शुभारंभ किया जाएगा. केंद्रीय मंत्री मढ़ौरा स्थित रेल इंजन कारखाने का भी दौरा करेंगे, जहां 91 निर्यात लोकोमोटिव को रवाना किया जाएगा.
-
एसडी संजय बने बिहार के नए महाधिवक्ता
वरिष्ठ अधिवक्ता एसडी संजय को बिहार का नया महाधिवक्ता नियुक्त किया गया है. इस संबंध में विधि विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है. राज्यपाल ने उनकी नियुक्ति की है. एसडी संजय पटना उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता हैं और इससे पहले भारत सरकार में अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल के पद पर भी सेवाएं दे चुके हैं. विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दी हैं.
-
बिहार-नेपाल सीमा सुरक्षा को लेकर हाई लेवल बैठक
बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में भारत-नेपाल सीमा प्रबंधन और सुरक्षा को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में सीमा क्षेत्र में गायब सीमा पिलरों के पुनर्गठन, नो मैन्स लैंड से अतिक्रमण हटाने और संदिग्ध वित्तीय व व्यावसायिक गतिविधियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए. अधिकारियों ने बताया कि सीमा क्षेत्र में चिन्हित अतिक्रमणों में से बड़ी संख्या में हटाने की कार्रवाई की जा चुकी है.
-
कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
बिहार में मानसून कमजोर बना हुआ है, लेकिन मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है. बेगूसराय, लखीसराय और मुंगेर में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा पटना समेत 15 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार कुछ जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है.
-
भरत तिवारी की मौत को लेकर पुलिस कार्रवाई पर सवाल
पुलिस पर पिस्टल तानने और फायरिंग करने के आरोपी भरत तिवारी की बुधवार को पुलिस मुठभेड़ में मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया है. पुलिस की कार्रवाई को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं. भरत के परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि उसने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया था, इसके बावजूद उसे गोली मारी गई. घटना के विरोध में गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों और समर्थकों ने भरत तिवारी का शव आरा-बक्सर फोरलेन पर रखकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के कारण हाईवे पर करीब 6 घंटे तक यातायात बाधित रहा. जाम हटाने पहुंची पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बन गई. पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया. इस दौरान कुछ लोगों के घायल होने की सूचना मिली है. प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना था कि भरत तिवारी अपराधी नहीं था. उनका आरोप है कि उसने हथियार छोड़कर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था, फिर भी पुलिस ने उस पर गोलियां चला दीं.
-
पासपोर्ट सेवा केंद्र अब छह जिलों में शुरू होंगे
बिहार के छह जिलों में 20 जून से पासपोर्ट सेवा केंद्र काम करना शुरू करेंगे. इनमें पूर्वी चंपारण के मोतिहारी, पश्चिम चंपारण के बेतिया, अररिया के फारबिसगंज, गोपालगंज, सीवान और गया शामिल हैं. इससे लोगों को पासपोर्ट संबंधी सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा.
-
परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थी गिरफ्तार
मध्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान दरभंगा के विभिन्न परीक्षा केंद्रों से छह फर्जी अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने आरोपियों के पास से ब्लूटूथ, वॉकी-टॉकी समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं. सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. बता दें कि राज्य में 14 और 17 जून को आयोजित मद्यनिषेध सिपाही भर्ती परीक्षा में 4 हजार पदों के लिए करीब 12 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया है.