Bihar news Today : 4 घंटे 41 मिनट में पूरी होगी पटना से दिल्ली की दूरी…राजस्व विभाग के 10 अधिकारियों पर कार्रवाई !

Bihar ki Dinbhar ki khabar : राजद नेता तेजप्रताप यादव एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं. उनकी कथित गर्लफ्रेंड अनुष्का के भाई आकाश ने आरोप लगाया है कि तेजप्रताप उनकी बेटी उज्जैनी से मिलने के लिए जबरन घर में घुसने की कोशिश कर रहे थे. वहीं टेंडर घोटाला मामले की जांच कर रही स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विभागीय कार्रवाई का सामना कर रहे IAS योगेश सागर और अभिलाषा शर्मा के आवासों पर छापेमारी की. पढ़िए आज दिन भर की बड़ी खबर(Bihar news Today)..

  • बुलेट ट्रेन परियोजना को लेकर बड़ा अपडेट, पटना से दिल्ली की दूरी होगी सिर्फ 4 घंटे 41 मिनट

केंद्रीय रेल एवं सूचना प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भविष्य में बिहार को बुलेट ट्रेन परियोजना का लाभ मिलेगा. उन्होंने बताया कि प्रस्तावित रेल नेटवर्क के तहत दिल्ली से पटना की यात्रा करीब 4 घंटे 41 मिनट में पूरी हो सकेगी. अश्विनी वैष्णव ने छपरा से आनंद विहार के लिए नई साप्ताहिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस ट्रेन से बिहार और पूर्वांचल के यात्रियों को दिल्ली जाने में सुविधा मिलेगी. उन्होंने कहा कि यह ट्रेन छपरा, बलिया, मऊ, आजमगढ़, जौनपुर, सुल्तानपुर, लखनऊ, कानपुर और अलीगढ़ जैसे क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी से जोड़ेगी.

  • तेजप्रताप पर गर्लफ्रेंड की बेटी से मिलने के लिए जबरन घर में घुसने का आरोप, FIR दर्ज

राजद नेता तेजप्रताप यादव एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं. उनकी कथित गर्लफ्रेंड अनुष्का के भाई आकाश ने आरोप लगाया है कि तेजप्रताप उनकी बेटी उज्जैनी से मिलने के लिए जबरन घर में घुसने की कोशिश कर रहे थे. आकाश के मुताबिक, जब उन्होंने तेजप्रताप को रोकने की कोशिश की तो उन्हें कथित तौर पर धमकी दी गई. आरोप है कि तेजप्रताप ने उज्जैनी के अपहरण की बात कही और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी. इस मामले में आकाश ने पुलिस में FIR दर्ज कराई है. वहीं, तेजप्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इन आरोपों को खारिज किया है. उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए धमकी और दबाव बनाने के आरोप पूरी तरह मनगढ़ंत हैं. तेजप्रताप ने दावा किया कि यह शिकायत उनकी छवि खराब करने की साजिश का हिस्सा है.

  • IAS योगेश सागर और अभिलाषा शर्मा के ठिकानों पर छापेमारी

टेंडर घोटाला मामले की जांच में स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की. जांच एजेंसी ने मामले में विभागीय कार्रवाई का सामना कर रहे IAS योगेश सागर और अभिलाषा शर्मा के आवासों पर छापेमारी की. SVU की टीम ने पटना के कई ठिकानों पर एक साथ जांच शुरू की. योगेश सागर के गर्दनीबाग स्थित आईएएस कॉलोनी के मकान नंबर E-2/10 पर सुबह से ही अधिकारियों की टीम दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच में जुटी रही. इसके अलावा अभिलाषा कुमारी शर्मा के नेहरू पथ स्थित आवास पर भी जांच एजेंसी ने दबिश दी. अधिकारियों द्वारा मामले से जुड़े दस्तावेजों और संभावित सबूतों की जांच की जा रही है. टेंडर घोटाला मामले में जांच एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर रही हैं और कई अधिकारियों की भूमिका की जांच की जा रही है.

  • मढ़ौरा रेल इंजन फैक्ट्री से 51वां इंजन गिनी रवाना

बिहार के मढ़ौरा स्थित लोकोमोटिव प्लांट में तैयार 51वें रेल इंजन को केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संयुक्त रूप से रवाना किया. मेक इन इंडिया के तहत तैयार यह इंजन भारी माल ढुलाई के लिए डिजाइन किया गया है. इसे पहले गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह भेजा जाएगा, जहां से समुद्री मार्ग के जरिए अफ्रीकी देश गिनी भेजा जाएगा. रेल मंत्री ने बताया कि इस परियोजना से बिहार को करीब ₹1000 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ है.

  • अगले 5 साल में बिहार को औद्योगिक हब बनाने का लक्ष्य: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि राज्य में स्टार्टअप और उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए जल्द ही बिहार टेक पोर्टल बनाया जाएगा. पटना स्थित सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क ऑफ इंडिया में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले पांच वर्षों में बिहार को उद्योगों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेश को बढ़ावा देने के लिए उद्योग स्थापना में आने वाली बाधाओं को दूर कर रही है. स्टार्टअप, आईटी सेक्टर और तकनीकी क्षेत्र में युवाओं के लिए नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं.

  • भ्रष्टाचार के मामलों में राजस्व विभाग के 10 अधिकारियों पर कार्रवाई को मंजूरी

पटना: राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी और प्रशासनिक अनियमितताओं के आरोप में 10 अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई को मंजूरी दी है. मंत्री ने कहा कि विभाग भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है. पटना सिटी की भूमि सुधार उप समाहर्ता अभिलाषा सिन्हा पर रिश्वत लेने के आरोप में कार्रवाई की अनुशंसा की गई है. इसके अलावा कई अंचल अधिकारियों के खिलाफ भी विभागीय जांच शुरू की गई है.

  • बिहार में सर्किल रेट बढ़ा, जमीन की रजिस्ट्री होगी महंगी

बिहार सरकार ने करीब एक दशक बाद ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में न्यूनतम मूल्यांकन पंजी (एमवीआर) में वृद्धि की है.नई व्यवस्था के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में सर्किल रेट औसतन 1.6 गुना और शहरी क्षेत्रों में करीब दो गुना बढ़ाया गया है.नई नीति के तहत हर वर्ष एमवीआर में 5 प्रतिशत स्वत: वृद्धि होगी और हर तीन साल में इसकी समीक्षा की जाएगी.

  • कई जिलों में बारिश और तेज हवा की संभावना

मौसम विभाग ने बिहार में अगले कुछ दिनों में मानसून के अनुकूल परिस्थितियां बनने की संभावना जताई है. हालांकि विभाग ने 20 से 22 जून तक राज्य के कई जिलों में हीट वेव को लेकर भी चेतावनी जारी की है. इसके साथ-साथ अगले 24 घंटों में उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में वज्रपात की भी संभावना जताई गई है. वहीं राज्य के कुछ हिस्सों में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि से गर्मी और उष्ण लहर की स्थिति बने रहने का अनुमान है.