स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय निशानेबाज Manu Bhaker ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर ओलंपिक निशानेबाजी में भारत के 12 साल के पदक के सूखे को खत्म कर दिया है। यह पेरिस ओलंपिक में भारत का पहला पदक भी है। मनु भाकर ने 27 जुलाई को इस स्पर्धा के फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था। रविवार को उन्होंने फाइनल मैच में 221.7 अंक हासिल किए। इस स्पर्धा में स्वर्ण और रजत पदक कोरिया के खाते में गए। कोरियाई निशानेबाज ओह ये जिन ने 243.2 अंकों के साथ स्वर्ण जीता, जबकि उनकी हमवतन किम येजी ने 241.3 अंकों के साथ रजत पदक हासिल किया।
Manu Bhaker ने दिलाया निशानेबाजी में भारत को पहला पदक
19 साल की उम्र में मनु भाकर ने टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लिया, लेकिन वहां कोई पदक नहीं जीत पाईं। उस ओलंपिक में भारत का कुल मिलाकर निशानेबाजी में प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा था। हालांकि, मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर शानदार वापसी की। यह महिलाओं की निशानेबाजी में भारत का पहला पदक है। मनु भाकर युवा ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय निशानेबाज भी हैं, उन्होंने 2018 में ब्यूनस आयर्स में यह उपलब्धि हासिल की थी। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों में भी खिताब जीते हैं।
(क्रेडिट : मीडिया इनपुट )