Bihar News : प्रशांत किशोर का बड़ा खुलासा, जानिए नीतीश सरकार में कौन हैं वो पाँच लोग जो निर्णय लेते हैं ?

पटना। चुनावी रणनीतिकार और राजनीतिक विश्लेषक प्रशांत किशोर ने बुधवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला। किशोर ने आरोप लगाया कि बिहार की सत्ता केवल पांच लोगों के हाथ में है, जिनमें नीतीश कुमार और उनके चुने हुए चार सेवानिवृत्त अफसर शामिल हैं। इन अफसरों की न तो कोई संवैधानिक जिम्मेदारी है और न ही वे जनता के प्रति जवाबदेह हैं।

नीतीश सरकार में अफसरों का ‘जंगल राज’ : प्रशांत

प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार की सरकार में अफसरों का ‘जंगल राज’ चल रहा है। उनका कहना है कि अफसर अपनी मर्जी से काम कर रहे हैं और उनके बिना पैसे के लेन-देन का कोई भी कार्य नहीं होता। किशोर ने इस तुलना को लालू यादव के समय के अपराधीकरण से किया, जहां अपराधी रात को लूटपाट करते थे, जबकि नीतीश कुमार के राज में अफसर दिन के उजाले में ही भ्रष्टाचार कर रहे हैं। किशोर ने कहा नीतीश कुमार ने सत्ता का इस तरह केंद्रीकरण कर दिया है कि ना केवल जनता, बल्कि विधायक और सांसद भी अफसरों की सुनवाई नहीं कर पा रहे हैं । उन्होंने यह भी दावा किया कि बिहार में पिछले कुछ सालों में भ्रष्टाचार ने तेजी से बढ़ोतरी की है।

पहले भी लगा चुकें हैं आरोप

इससे पहले भी प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। किशोर का कहना है कि नीतीश कुमार अपनी कुर्सी बचाने के लिए सभी निश्चयों और प्रतिबद्धताओं को भूल चुके हैं। उन्होंने कई मुद्दों पर नीतीश कुमार को घेरते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की सरकार में विकास और सुशासन की जगह भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अराजकता का बोलबाला है। प्रशांत किशोर, जो बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी सक्रिय भूमिका के लिए जाने जाते हैं, ने हाल ही में बिहार की सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारने का ऐलान किया है। वे लगातार बिहार की राजनीति में अपना प्रभाव बढ़ा रहे हैं और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत अन्य नेताओं पर हमलावर हैं। उनका कहना है कि वे बिहार की राजनीति को एक नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

क्रेडिट- मीडिया इनपुट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *