Bihar Politics: हरे गमछे से RJD का मोहभंग क्यों ? कार्यकर्ता संवाद यात्रा कर दौरान कार्यकर्ता नहीं उपयोग करेंगें हरा गमछा

पटना। कभी मुरेठा तो कभी गमछा के रूप में आरजेडी का पहचान बनी हरे रंग के कपड़े के टुकड़े पर राजद ने बैन लगा दिया है। बिहार के पूर्व  उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने 10 सितंबर से शुरू होने वाली अपनी कार्यकर्ता संवाद यात्रा के दौरान हरा  गमछा पर बैन लगाने का निर्णय लिया है। यह यात्रा आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर पार्टी के भीतर एकता और अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।

इसलिए बैन हुआ हरा गमछा

तेजस्वी यादव ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यात्रा के दौरान कोई भी सदस्य हरा गमछा पहनकर न आए। इसके स्थान पर, उन्होंने सभी को हरी टोपी और बैज पहनने की सलाह दी है। इस निर्णय के पीछे का कारण पार्टी की छवि और एकजुटता को प्राथमिकता देना बताया जा रहा है। तेजस्वी यादव ने इस बैन की घोषणा करते हुए कहा, हमारी यात्रा का उद्देश्य पार्टी के कार्यकर्ताओं को एक साथ लाना और उन्हें आगामी चुनावों के लिए तैयार करना है। हरे गमछे का उपयोग इस यात्रा के दौरान विचलित करने का कारण बन सकता है। इसलिए हमने इसे बैन किया है और इसके स्थान पर हरी टोपी और बैज पहनने का निर्देश दिया है।

हरे गमछे पर विवाद का कारण क्या ?

इस निर्णय ने पार्टी के भीतर एक नई चर्चा को जन्म दिया है, क्योंकि हरा गमछा पार्टी के लिए एक प्रतीक बन चुका था। हालांकि, तेजस्वी यादव का कहना है कि यह कदम पार्टी की रणनीतिक आवश्यकताओं और कार्यक्रम की सफलतापूर्वक संचालन के लिए उठाया गया है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, तेजस्वी यादव का यह कदम एकजुटता को बढ़ावा देने और कार्यकर्ताओं के बीच स्पष्टता बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण है। हमें उम्मीद है कि सभी कार्यकर्ता इस निर्देश का पालन करेंगे और यात्रा को सफल बनाने में योगदान देंगे।

बिहार की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित होगी यात्रा

यात्रा की तैयारियों के सिलसिले में पार्टी ने व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया है, और नेताओं ने कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया है कि वे यात्रा के दौरान निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करें। इस यात्रा के माध्यम से तेजस्वी यादव बिहार की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के मुद्दों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।

(क्रेडिट -मीडिया इनपुट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *