कैमूर। बिहार के कैमूर जिले में एक सरकारी स्कूल के अंदर हुई हिंसा ने सभी को चौंका दिया है। भगवानपुर प्रखंड के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय (सरैया) में कुछ बदमाशों ने चार-पांच शिक्षकों की बुरी तरह पिटाई कर दी। इन असामाजिक तत्वों ने न केवल शिक्षकों की पिटाई की, बल्कि विद्यालय परिसर में रखी कुर्सियों को भी तोड़ डाला।
क्या है पूरा मामला
10 सितंबर को, जब स्कूल में पढ़ाई चल रही थी, लगभग आधा दर्जन लोगों ने विद्यालय परिसर में घुसकर शिक्षकों के साथ मारपीट की। इन लोगों का आरोप था कि शिक्षक विद्यालय में बच्चों को डांटते हैं। घटना के दौरान बदमाशों ने कुर्सियों को तोड़ डाला और शिक्षकों पर हमला किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामले में पुलिस ने की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलने पर भगवानपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने पांच नामजद और आधा दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने कहा है कि वे इन आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।
शिक्षकों की आप बीती
विद्यालय के शिक्षक अभिषेक आनंद ने घटना की गंभीरता को सामने रखते हुए बताया कि जब वे पढ़ा रहे थे, तभी बाहर के लोग स्कूल में घुस आए और शिक्षकों पर हमला कर दिया। उन्होंने कहा, “वे लोग हमें डांटने और पीटने का आरोप लगा रहे थे। जब तक हम समझ पाते, वे कुर्सियां उठाकर हमारी पिटाई करने लगे। जो शिक्षक बचाने आए, उनके साथ भी मारपीट की गई। इस हमले में कई शिक्षकों को गंभीर चोटें आई हैं।”
विद्यालय प्रबंधन ने मामले में क्या कहा
विद्यालय के प्रभारी हेडमास्टर राम नगीना सिंह ने बताया कि घटना के समय वे स्कूल से बाहर थे। सूचना मिलने पर वे तुरंत स्कूल पहुंचे और थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा, असमाजिक तत्वों द्वारा शिक्षकों के साथ मारपीट की गई है। हमने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
जिला शिक्षा अधिकारी की प्रतिक्रिया
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अक्षय पांडे ने कहा कि जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर रिपोर्ट तैयार की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।