पटना। मालसलामी थाना क्षेत्र के पिरदमरिया घाट पर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां 28 वर्षीय युवक अमित कुमार यादव ने फेसबुक लाइव पर अपने आत्महत्या के इरादे की घोषणा करते हुए गंगा नदी में छलांग लगा दी। पुलिस और SDRF की टीम द्वारा चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिला है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, अमित कुमार यादव ने फेसबुक पर लाइव वीडियो में अपने पिता, भाई और प्रेमिका को अपने आत्महत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया। वीडियो में उसने अपने परिवार और कुछ अन्य लोगों के नाम का जिक्र करते हुए अपनी स्थिति और विवादों के बारे में बात की। उसने कहा, “गंगा मइया मुझे बुला रही हैं,” और इसके बाद वह गंगा नदी में कूद गया। वीडियो में उसने प्रॉपर्टी में हिस्से की बात और मारपीट के आरोप भी लगाए।
SDRF के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद भी नहीं मिला सुराख
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस और SDRF की टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन कई घंटों की खोजबीन के बावजूद युवक का कोई पता नहीं चल पाया है। मालसलामी थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने कहा कि यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है, हालांकि वीडियो बनाते वक्त युवक का पैर फिसलने से भी हादसा हो सकता है।
नहीं थी इरादे की भनक : परिवार
अमित के पिता, बैजू प्रसाद यादव, इस घटना के बाद गहरे सदमे में हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि अमित हाल ही में मानसिक तनाव और डिप्रेशन से गुजर रहा था। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी अमित की मानसिक स्थिति के बारे में जानकारी दी और बताया कि उन्हें इस कदम की उम्मीद नहीं थी।
पुलिस कर रही मामले कि जाँच
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल की गहन जांच की जा रही है और फेसबुक लाइव वीडियो को सबूत के रूप में लिया गया है। पुलिस यह समझने की कोशिश कर रही है कि युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया और इसके पीछे क्या कारण थे। सोशल मीडिया पर इस घटना की चर्चा हो रही है। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस वीडियो को शेयर न करें और संवेदनशीलता बरकरार रखें। मामले की जांच जारी है और पुलिस जल्द ही मामले की पूरी जानकारी सार्वजनिक करेगी।