नवादा। नवादा अग्निकांड में शामिल चार अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ ही अब तक कुल 19 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। SIT टीम ने तकनीकी साक्ष्य के आधार पर ये गिरफ्तारी की है।
18 सितंबर की आगजनी की घटना का खुलासा
ज्ञात हो कि 18 सितंबर को देर शाम नवादा सदर प्रखंड के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के देदौर गाँव में असामाजिक तत्वों ने कृष्णा नगर नदी तट पर स्थित दो दर्जन से अधिक झोपड़ियों में आगजनी की थी। इस घटना के बाद जिलाधिकारी आशुतोष वर्मा के निर्देश पर पुलिस और प्रशासन की टीम ने त्वरित कार्रवाई की। अग्निशामक दल ने भी तुरंत आग पर काबू पाया, जिससे मानव क्षति नहीं हुई।
घटना के बाद मुख्य अभियुक्त सहित 15 की गिरफ्तारी
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने घटना स्थल का दौरा किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। रात के समय ही पुलिस ने मुख्य अभियुक्त नंदू पासवान सहित 15 लोगों को गिरफ्तार किया था। अब चार और अभियुक्तों की गिरफ्तारी से कुल गिरफ्तारियों की संख्या 19 हो गई है।
सख्त निगरानी और आम जनता से अपील
जिलाधिकारी आशुतोष वर्मा ने बताया कि SIT और FSL टीम मामले की जाँच कर रही हैं ताकि अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने आश्वासन दिया कि अग्निजनी की घटना में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि शांति व्यवस्था बनाए रखें और प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि अफवाहों से बचें और घटना से संबंधित किसी भी जानकारी की सूचना जिला प्रशासन या पुलिस प्रशासन को तुरंत दें। वर्तमान स्थिति पूरी तरह नियंत्रित है और सघन गश्ती जारी है।
(क्रेडिट -मीडिया इनपुट)