पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न देने की मांग की गई है. यह मांग मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय से बीजेपी सांसद गिरिराज सिंह ने उठाई है. इसके अलावा, ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजू जनता दल (BJD) के अध्यक्ष नवीन पटनायक को भी भारत रत्न देने की सिफारिश की गई है. गिरिराज सिंह का कहना है कि नीतीश कुमार ने बिहार के विकास के लिए उल्लेखनीय काम किए हैं, और इस वजह से उन्हें यह सम्मान मिलना चाहिए.

Nitish Kumar के नेतृत्व में एनडीए की सरकार

गिरिराज सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही एनडीए (नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस) की सरकार बनेगी. गिरिराज ने अपने बयान में कहा कि नीतीश कुमार ने लंबे समय तक बिहार की सेवा की है और उनके नेतृत्व में बिहार ने कई अहम विकासात्मक कदम उठाए हैं. उनका योगदान किसी से कम नहीं है.

लालू राज में था जंगलराज

गिरिराज सिंह ने अपने बयान में लालू यादव की सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने बिहार में जंगलराज खत्म किया है. उनका कार्यकाल इस राज्य के लिए एक युग परिवर्तन जैसा रहा है. गिरिराज सिंह ने यह भी कहा कि राजद (राष्ट्रीय जनता दल) के शासनकाल में बिहार में अपराध और अराजकता का माहौल था, जिसे नीतीश कुमार ने अपने नेतृत्व में समाप्त किया.

केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि आज के युवा ने जंगलराज का सामना नहीं किया है, इसलिए कभी-कभी वे भ्रमित हो जाते हैं. लेकिन नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार आज एक नए दौर में प्रवेश कर चुका है.

ललन सिंह का समर्थन

गिरिराज सिंह की बातों का समर्थन करते हुए, मुंगेर से जेडीयू के सांसद ललन सिंह ने कहा, “अगर केंद्र सरकार नीतीश कुमार को भारत रत्न देती है तो यह सिर्फ बिहार बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात होगी. नीतीश कुमार ने बिहार को पिछड़ेपन से बाहर निकाला है और उसे विकास के रास्ते पर डाला है.”

Nitish Kumar की प्रगति यात्रा

नीतीश कुमार (Nitish Kumar) फिलहाल अपनी प्रगति यात्रा के पहले चरण में हैं, जो 23 दिसंबर से शुरू हो चुकी है. यह यात्रा 28 दिसंबर तक चलेगी और इसके तहत पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, वैशाली, मुजफ्फरपुर जैसी प्रमुख जिलों का दौरा किया जाएगा. यात्रा का दूसरा चरण 7 जनवरी से 14 जनवरी तक चलेगा. इस यात्रा के दौरान नीतीश कुमार प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में किए गए विकास कार्यों का उल्लेख करेंगे और आगामी चुनावों के लिए पार्टी को तैयार करेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *