“छात्र संसद” में तय होगा BPSC Protest का फाइनल प्लान, प्रशांत किशोर ने किया प्रदर्शन का ऐलान

पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और री-एग्जाम की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन ( BPSC Protest)और अधिक तेज हो गया है. 70वीं प्रारंभिक परीक्षा को लेकर बिहार से लेकर दिल्ली तक घमासान जारी है. राजनीतिक दल और सामाजिक कार्यकर्ता भी छात्रों के समर्थन में खुलकर सामने आ रहे हैं.

BPSC Protest : गांधी मैदान में बड़े प्रदर्शन का ऐलान

शनिवार को दोपहर 2:30 बजे राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर (Prashant Kishore)धरना स्थल पहुंचे और बीपीएससी अभ्यर्थियों से मुलाकात की. मुलाकात के बाद उन्होंने बड़ा ऐलान किया कि यह हमारे बच्चों के भविष्य का सवाल है. बिहार में लगभग हर परीक्षा पेपर लीक की समस्या से ग्रस्त है. अब इस समस्या को हमेशा के लिए खत्म करना जरूरी है. उन्होंने छात्रों एवं उनके परिवारजनों से अपील की कि वे अगले दिन दोपहर 12 बजे पटना के गांधी मैदान में बड़ी संख्या में पहुंचें. जहां “छात्र संसद” में आंदोलन की अगली रणनीति तय की जाएगी.

गुरु रहमान ने दिया अल्टीमेटम

मशहूर शिक्षक और सामाजिक कार्यकर्ता गुरु रहमान भी इस आंदोलन में प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं. पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर उन्होंने कहा कि अगर री-एग्जाम नहीं हुआ, तो जान जाएगी. गौरतलब है कि छात्रों को भड़काने और आंदोलन में भाग लेने के आरोप में गुरु रहमान पर एफआईआर दर्ज की गई थी. इसके बावजूद वे लगातार छात्रों के समर्थन में खड़े हैं और उनके अधिकारों के लिए आवाज उठा रहे हैं.

BPSC Protest :दिल्ली में भी प्रदर्शन

यह मुद्दा दिल्ली तक पहुंच गया है, जहां स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के सदस्यों ने बिहार भवन के बाहर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ( BPSC Protest)ने पटना में बीपीएससी अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की. दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया जिससे छात्र समूहों में आक्रोश और बढ़ गया है.

मामले में BPSC आरोपों का खंडन

बीपीएससी ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा है कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं हुई है. आयोग ने कहा कि पेपर लीक के आरोप निराधार हैं और कुछ असामाजिक तत्व छात्रों को गुमराह कर रहे हैं. परीक्षा प्रक्रिया पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से संचालित की जा रही है. बीपीएससी के परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह ने कहा कि 70वीं प्रारंभिक परीक्षा रद्द नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि हमें परीक्षा रद्द न करने को लेकर कई ईमेल मिल रहे हैं. प्रदर्शनकारी ( BPSC Protest)जो आरोप लगा रहे हैं उनका कोई सबूत नहीं है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *