पटना। देश में छात्र आंदोलन हमेशा से सरकारों के लिए एक बड़ी चुनौती रहे हैं, और बिहार (Bihar student movement)इसका एक प्रमुख उदाहरण बन गया है. छात्र असंतोष पिछले कुछ समय में तेजी से उभरकर सामने आया है, और बीपीएससी परीक्षा से जुड़े विवादों ने इसे और गंभीर बना दिया है. परीक्षा प्रणाली में बार-बार हो रही अनियमितताएं, पेपर लीक की घटनाएं, और परीक्षाओं का रद्द होना छात्रों के भविष्य को प्रभावित कर रहा है. हाल ही में हुए आंदोलन और लाठीचार्ज की घटनाओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि छात्रों में निराशा और गुस्सा लगातार बढ़ रहा है.
क्या है मामला ?
बीपीएससी की 70वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा, जो 13 दिसंबर 2024 को आयोजित हुई थी, उसी दिन विवादों में आ गई. परीक्षा में पेपर वितरण में देरी और पेपर लीक के आरोपों के चलते छात्रों ने हंगामा किया. छात्रों ने आरोप लगाया कि प्रश्न पत्रों का स्तर बेहद खराब था और उनमें से कई सवाल निजी कोचिंग संस्थानों के मॉडल प्रश्न पत्रों से मेल खाते थे. छात्रों की मुख्य मांगें हैं कि परीक्षा रद्द कर फिर से आयोजित की जाए, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, और नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया को खत्म किया जाए.
पांच वर्षों में 45 प्रमुख परीक्षाओं में पेपर लीक
यह समस्या केवल बिहार तक सीमित नहीं है. उत्तर प्रदेश, राजस्थान, और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में भी छात्रों का असंतोष बढ़ रहा है. भारत में पिछले पांच वर्षों में 45 प्रमुख परीक्षाओं में पेपर लीक के मामले सामने आए हैं. इनमें से 27 परीक्षाओं को या तो रद्द करना पड़ा या स्थगित करना पड़ा. उत्तर प्रदेश में 8, राजस्थान और महाराष्ट्र में 7-7, और बिहार में 6 पेपर लीक के मामले सामने आए. यह दिखाता है कि पेपर लीक की समस्या राष्ट्रीय स्तर पर गंभीर है और इसे रोकने के लिए प्रभावी उपायों की जरूरत है.
बिहार की छात्र राजनीति (Bihar student movement)का ऐतिहासिक महत्व रहा है. यहां छात्र आंदोलन केवल शिक्षा का मुद्दा नहीं होता, बल्कि यह पूरे परिवार और समाज की प्रतिष्ठा का सवाल बन जाता है. बिहार में शिक्षा, रोजगार, और सरकारी नौकरी ही अधिकांश परिवारों के जीवन का आधार हैं. खेती, व्यापार, और उद्योग जैसे अन्य विकल्पों की कमी के कारण सरकारी नौकरियां ही एकमात्र स्थिर विकल्प मानी जाती हैं. ऐसे में परीक्षा में होने वाली गड़बड़ियां और पेपर लीक की घटनाएं छात्रों और उनके परिवारों में गहरी हताशा पैदा करती हैं.
बिहार की छात्र राजनीति का ऐतिहासिक
बिहार सरकार को समझना होगा कि यह केवल परीक्षा प्रक्रिया की समस्या नहीं है, बल्कि यह युवाओं की उम्मीदों, उनके भविष्य और उनके अधिकारों से जुड़ा मुद्दा है. बिहार की छात्र राजनीति ने पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर बड़े बदलाव किए हैं, जैसे जेपी आंदोलन. वर्तमान में भी छात्र आंदोलन यदि समय पर शांत नहीं किया गया, तो यह राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक और सामाजिक उथल-पुथल का कारण बन सकता है.
सरकार की ओर से इन समस्याओं को हल करने के लिए पर्याप्त इच्छाशक्ति नहीं दिख रही है. परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी, भ्रष्टाचार, और परिणामों में देरी ने छात्रों के गुस्से को और भड़काया है. यह स्पष्ट है कि यदि सरकार युवाओं की समस्याओं का समाधान नहीं कर पाते, तो वे जनता के समर्थन को खो देती हैं. बिहार में मौजूदा छात्र आंदोलन भी इसी गुस्से का प्रतीक है.
विपक्षी दल मौके की फिराक में
राजनीतिक दल भी इस असंतोष (Bihar student movement) को भुनाने में पीछे नहीं हैं. प्रशांत किशोर जैसे नेताओं पर छात्रों को भड़काने के आरोप लगे हैं. यह भी देखा गया है कि किसी भी सरकार के विपक्ष में होने पर वह छात्र आंदोलनों का समर्थन करती है, जबकि सत्ता में आने पर उन्हें दबाने की कोशिश करती है. यही कारण है कि यह समस्या समय-समय पर राजनीतिक रंग भी ले लेती है.
कैसे होगा समस्या का समाधान
सरकार को परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता लानी होगी, भ्रष्टाचार को खत्म करना होगा, और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सुनिश्चित करने होंगे. यह (Bihar student movement)न केवल बिहार बल्कि पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि छात्रों की आवाज दबाई नहीं जा सकती. उनके असंतोष का समाधान केवल उनके अधिकारों और जरूरतों को समझकर ही संभव है.