पटना। जनता दल (यूनाइटेड)(JDU) ने सोमवार को मणिपुर में बीजेपी के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया है. इस संबंध में JDU के प्रदेश अध्यक्ष के.एस. बीरेन ने मणिपुर के राज्यपाल एल गणेशन को एक आधिकारिक पत्र सौंपा है. मणिपुर में JDU के छह विधायक थे, जिनमें से पांच हाल ही में बीजेपी में शामिल हो गए थे.
JDU के पांच विधायक ने बदला था पार्टी
2022 में नीतीश कुमार की पार्टी का पाला बदलने वाले पांच विधायक थे: केएच जॉयकिशन, एन सनाटे, मोहम्मद अछबुद्दीन, पूर्व पुलिस महानिदेशक एएम खौटे और थंगजाम अरुण कुमार. इन पांच विधायकों ने बीरेन सिंह के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार को समर्थन दिया था.
JDU ने पत्र में क्या कहा
बिहार में सत्ताधारी JDU की मणिपुर इकाई ने अपने पत्र में कहा कि जनता दल (यूनाइटेड) मणिपुर इकाई मणिपुर में बीजेपी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार का समर्थन नहीं करती है. हमारे एकमात्र विधायक मोहम्मद अब्दुल नासिर को अब सदन में विपक्षी विधायक माना जाएगा.