मशीन सेट करवा रहे होंगे…मीसा भारती ने सम्राट चौधरी के दावे पर तंज कसा

पटना। बिहार विधानसभा में 225 सीटें जीतने का दावा करने वाले एनडीए के नेताओं और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी पर तंज कसते हुए राजद सांसद मीसा भारती (misa bharti) ने कहा कि मशीन सेट करवा रहे होंगे, लेकिन इस बार बिहार की जनता भी सेट है. उन्होंने कहा कि इस बार बिहार की जनता इधर-उधर कहीं भी वोट देने नहीं जा रही है, बल्कि इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों को ही वोट देगी. मीसा भारती ने यह भी दावा किया कि आरजेडी और इंडिया गठबंधन बिहार की जनता के हर मुद्दे के साथ मजबूती से खड़ा है.

बिहार में इंडिया गठबंधन की सरकार :misa bharti

मीसा ने आगे कहा कि बिहार में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है और इस सरकार में बिहार के लोगों को अनेक योजनाओं का लाभ मिलेगा. उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि बिहार में जो वादे किए गए थे, उन्हें अब तक पूरा नहीं किया गया. वहीं, आरजेडी के नेता तेजस्वी यादव के 17 महीने के कार्यकाल में युवाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा पूरा किया गया, और सरकारी नियुक्ति पत्र भी दिए गए.

200 यूनिट तक बिजली मुफ्त

मीसा(misa bharti) ने स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर भी बात की और कहा कि हम जनता के साथ हैं. अगर हमारी सरकार बनेगी तो 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जाएगी. जो वृद्धा पेंशन अभी 400 रुपए है, उसे बढ़ाकर 1500 रुपए किया जाएगा. गैस सिलेंडर की कीमतें जो आज 1200 रुपए हैं, उन्हें 500 रुपए कर दिया जाएगा. साथ ही माई-बहन मान योजना के तहत माताओं और बहनों को हर महीने 2500 रुपए की सहायता राशि दी जाएगी.

छात्रों और युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जाएगा

इसके अलावा, मीसा भारती ने राज्य में पेपर लीक के मामलों का भी जिक्र किया और कहा कि जब छात्र अपनी मांगों के लिए सड़कों पर उतरते हैं, तो उन पर लाठीचार्ज किया जाता है. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जनता की सरकार होगी, जहां छात्रों और युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जाएगा. सोमवार को मीसा भारती आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में केस समाप्त करने के लिए आवेदन देने मनेर थाना पहुंची थीं. उन पर आरोप था कि उन्होंने वरीय अधिकारियों से अनुमति लिए बिना रोड शो किया था, लेकिन इस मामले में वह पहले ही जमानत प्राप्त कर चुकी हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *