पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने केंद्रीय बजट 2025 को बिहार के लिए सकारात्मक और स्वागत योग्य करार दिया है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बेहतर बजट पेश करने के लिए बधाई दी. सीएम नीतीश ने कहा कि यह बजट प्रगतिशील और भविष्योन्मुखी है, जिससे देश के विकास की गति तेज होगी. उन्होंने कहा कि बिहार को बजट में कई अहम सौगातें मिली हैं, जिससे राज्य के आर्थिक विकास को मजबूती मिलेगी.
बिहार को मिली ये बड़ी सौगातें
- मखाना बोर्ड की स्थापना – बिहार में मखाना किसानों को फायदा होगा, उत्पादन और विपणन में सुधार आएगा.
- ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे – राज्य में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संख्या बढ़ेगी, जिससे आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा.
- पश्चिमी कोसी कैनाल परियोजना – किसानों को सिंचाई सुविधा मिलेगी और कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी.
- पटना IIT का विस्तार – तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा, जिससे युवाओं को नए अवसर मिलेंगे.
- राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी संस्थान की स्थापना – खाद्य प्रसंस्करण गतिविधियां बढ़ेंगी और रोजगार के नए अवसर बनेंगे.
मध्यम वर्ग और किसानों को मिली राहत
मुख्यमंत्री (Nitish Kumar)ने बजट में इनकम टैक्स स्लैब में 12 लाख रुपये तक की छूट दिए जाने को मध्यम वर्ग के लिए राहत भरा कदम बताया. उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड पर कर्ज की सीमा 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रुपये करने के फैसले की भी सराहना की, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा. इसके अलावा MSME क्रेडिट गारंटी कवर को 5 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये करने को रोजगार के अवसर बढ़ाने वाला कदम बताया.
Nitish Kumar ने पीएम और वित्त मंत्री को दिया धन्यवाद
नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने कहा कि यह बजट गरीब, युवा, और किसानों के हित में कई अहम फैसले लेकर आया है. उन्होंने इसे देश के आर्थिक और औद्योगिक विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद दिया.