पटना। विधानसभा चुनाव से पहले बिहार में नीतीश कुमार की अगुवाई वाली सरकार में कैबिनेट विस्तार (Bihar Cabinet Expansion ) हो गया है. बीजेपी के 7 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली. शपथ ग्रहण समारोह में बीजेपी विधायक संजय सरावगी, विजय कुमार मंडल, राजू सिंह, मोतीलाल प्रसाद, कृष्ण कुमार उर्फ मंटू पटेल, जीवेश मिश्रा और सुनील कुमार ने मंत्री पद की शपथ ली. इससे पहले कैबिनेट विस्तार से पहले दिलीप जायसवाल ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था.
Bihar Cabinet Expansion : नीतीश कैबिनेट में कौन बना मंत्री
नए मंत्रियों में से विजय कुमार मंडल, राजू सिंह और जीवेश मिश्रा ने पहली बार मंत्री पद की शपथ ली है. विजय कुमार मंडल बीजेपी के विधायक हैं और सिकटी सीट से चुनाव जीते हैं. वह 1995 में भारतीय प्रगतिशील पार्टी से चुनाव जीते थे. पहली बार शपथ लेने वालों में साहेबगंज से बीजेपी विधायक राजू कुमार सिंह ने भी मंत्री पद की शपथ ली. राजू कुमार सिंह राजपूत समुदाय से आते हैं. उनके साथ जीवेश मिश्रा ने मंत्री पद की शपथ ली. वह पहले भी नीतीश मंत्रिमंडल के सदस्य रहे हैं और दरभंगा के जाले सीट से विधायक हैं. वह भूमिहार जाति से आते हैं. इसके साथ-साथ कृष्ण कुमार मंटू ने भी मंत्री पद की शपथ ली. वह सारण के अमनौर से बीजेपी विधायक हैं और कुर्मी समुदाय से आते हैं. 2 बार विधानसभा के सदस्य रहे मोतीलाल प्रसाद ने भी मंत्री पद की शपथ ली. वह तेली समुदाय से आते हैं.बिहारशरीफ से बीजेपी के विधायक सुनील कुमार ने मंत्री पद की शपथ ली हैं और वो कुशवाह समुदाय से ताल्लुक रखते हैं. बीजेपी विधायक संजय सरावगी भी मंत्री बने है. सरावगी वैश्य समाज से आते हैं.

इन दिग्गजों का कटा पत्ता
बिहार कैबिनेट विस्तार (Bihar Cabinet Expansion )में कई दिग्गज नेताओं का नाम कट गया है. राजपूत जाति से अमरेंद्र प्रताप सिंह और राम प्रवेश राय को मंत्री नहीं बनाया गया है. भूमिहार समुदाय से अरुणा देवी और कुमार शैलेंद्र भी मंत्री नहीं बन पाए हैं. वैश्य समुदाय से लाल बाबू गुप्ता और राम नारायण मंडल को भी मंत्री पद नहीं मिला है. यादव जाति से नवल किशोर राय (एमएलसी) और गायत्री देवी का नाम भी कट गया है. इसके अलावा, कुर्मी जाति से अवधेश कुमार सिंह का भी नाम मंत्री पद की दौड़ से बाहर हो गया है.