Meerut murder mystery : ना जाने कौन सा दौर है… एक तरफ जहां लोग अंतरीक्ष में चांद को छुकर धरती पर लौट रहे हैं तो दूसरे तरफ पृथ्वी पर रिश्तों की डोर में लोगों का दम घुंट रहा. आखबार का कोई भी पन्ना निकाल लिजिए आपका एक ही सवाल होगा, रिश्ता निभाना इतना मुश्किल है क्या ? बीते दिनों आयी खबरों में यह सबसे भयानक और सोच कर रूह काप जाने वाली खबर है कि एक शादी शुदा महिला ने अपने प्रेमी के लिए अपने पति का कत्ल नहीं बल्कि उसका वध कर दिया. समाज में रिश्तों की पवित्रता और मानवीय संवेदनाओं की का यह अपराध न केवल क्रूरता की पराकाष्ठा थी, बल्कि यह भी दर्शाता है कि किस प्रकार लालच, स्वार्थ और अनैतिक संबंध इंसान को हैवान बना रहा है.
खबर मेरठ से है जहां का रहने वाला, मर्चेंट नेवी में काम करने वाले सौरभ ने साल 2016 में मुस्कान से प्रेम विवाह किया था. उनके रिश्ते में शुरुआत में प्रेम और विश्वास था, लेकिन वक्त के साथ परिस्थितियाँ बदलने लगीं. हाल ही में सौरभ लंदन से अपनी पत्नी और बेटी का जन्मदिन मनाने के लिए घर आया था. वह शायद कल्पना भी नहीं कर सकता था कि उसकी यह यात्रा उसकी ज़िंदगी की आखिरी यात्रा बन जाएगी. इधर, मुस्कान का प्रेम संबंध साहिल नाम के युवक से हो चुका था. सौरभ उसके जीवन से एक बाधा बन चुका था, और वह उससे छुटकारा पाना चाहती थी. लेकिन अलग होने का सीधा रास्ता अपनाने के बजाय उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सौरभ की हत्या की साजिश रच डाली.
रात के अंधेरे में इस घिनौनी साजिश को अंजाम देते हुए सौरभ की हत्या करने के बाद मुस्कान और साहिल ने उसकी लाश के 15 टुकड़े कर दिए. शव को बाथरूम में ले जाकर चाकू और तेजधार हथियारों से काटा गया. इसके बाद इन टुकड़ों को एक बड़े ड्रम में डाला गया और उस पर सीमेंट का घोल भर दिया, ताकि किसी को पता न चले. हत्या के बाद मुस्कान और साहिल को कोई पछतावा नहीं था. वे इस जघन्य अपराध को अंजाम देने के बाद शिमला घूमने चले गए, मानो कुछ हुआ ही न हो. वे एक सामान्य जीवन जीते रहे जैसे कुछ भी गलत नहीं हुआ हो.
मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने जब घर की तलाशी ली, तो बाथरूम में एक ड्रम मिला, जिसमें सीमेंट भरा हुआ था. शक होने पर जब उसे तोड़ा गया, तो अंदर से सौरभ के शव के टुकड़े निकले. शव इतनी बुरी तरह से सीमेंट में धंसा हुआ था कि उसे निकालने के लिए ड्रिल मशीन का उपयोग करना पड़ा. अंततः पूरे ड्रम को ही पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया. आरोपी मुश्कान और साहिल ने अपना अपराध कबूल लिया है और पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
लेकिन इस तरह की घटनाएँ यह सोचने पर मजबूर कर देती हैं कि आखिर हमारा समाज किस दिशा में जा रहा है? क्या रिश्तों का मूल्य अब केवल स्वार्थ तक ही सीमित रह गया है? क्या किसी के साथ नहीं रहने का अर्थ उसकी हत्या कर देना है? यदि कोई संबंध बोझ लगने लगे, तो कानूनी रूप से अलग हुआ जा सकता है, लेकिन हत्या करके किसी की ज़िंदगी छीन लेना न केवल कानून के खिलाफ है, बल्कि मानवता के लिए भी कलंक है.
आजकल हत्या और आत्महत्या जैसी घटनाओं में लगातार हो रही वृद्धि किस बात का संकेत है ? कहीं लोग अपने स्वार्थ के लिए दिल पत्थर कर रहे हैं, तो कहीं लोग परिस्थितियों से हारकर आत्महत्या जैसा कदम उठा रहे हैं. दोनों ही स्थितियाँ बेहद चिंताजनक हैं. इसको लेकर समाज को आत्ममंथन करने की अत्यंत आवशयकता है. जिसका समय रहते कोई हल निकालना होगा… नहीं तो आप परिणाम की कल्पना भी नहीं कर सकते. यदि रिश्ते बोझ लगने लगें, तो बातचीत से हल निकाला जा सकता है, कानूनी रास्ता अपनाया जा सकता है, लेकिन हत्या और आत्महत्या किसी भी समस्या का समाधान नहीं हो सकता.
यह मामला (Meerut murder mystery) न केवल कानून व्यवस्था के लिए एक चुनौती है, बल्कि इसने समाज के नैतिक पतन को भी उजागर कर रहा है. प्रेम, विश्वास और शादी जैसे पवित्र रिश्ते जब स्वार्थ और लालच की आग में जलने लगते हैं, तो परिणाम ऐसे ही भयानक होते हैं. हमें सोचना होगा कि क्या हम एक ऐसे समाज की ओर बढ़ रहे हैं, जहाँ मानवीय संवेदनाएँ समाप्त हो चुकी हैं? यह समय है जागरूक होने का, अपने रिश्तों को सही दिशा देने का और सबसे महत्वपूर्ण यह समय इंसान बने रहने का है.