पटना। बिहार (Bihar DGP Vinay Kumar) में इन दिनों दो मुद्दे चर्चा के केंद्र में हैं – बढ़ता अपराध और अश्लीलता. इस बीच, बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अश्लीलता को किसी भी सूरत में क्षम्य नहीं किया जा सकता और इसे रोकने के लिए समाज को एकजुट होकर काम करना होगा.
समाज को आगे आने की जरूरत
डीजीपी विनय कुमार ने बिहार पुलिस मुख्यालय के सभागार में ‘उड़ान’ सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि छोटे-छोटे कार्यक्रमों में अश्लील गानों पर डांस होते हैं. ऐसा इसलिए संभव होता है क्योंकि स्थानीय लोग इन्हें देखना और सुनना पसंद करते हैं. उन्होंने कहा कि जब तक समाज खुद इन चीजों के खिलाफ खड़ा नहीं होगा, तब तक इसे पूरी तरह से रोका नहीं जा सकता.
बच्चों पर विशेष नजर रखने की अपील
डीजीपी (Bihar DGP Vinay Kumar) ने अभिभावकों से भी अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों पर विशेष नजर रखें. उन्होंने कहा कि आजकल हर बच्चे के हाथ में मोबाइल फोन होता है और इसका गलत इस्तेमाल न हो, यह सुनिश्चित करना माता-पिता की जिम्मेदारी है. बच्चों को सही दिशा देना समाज के हर व्यक्ति का दायित्व है.
महिलाओं को भी उठानी होगी आवाज
विनय कुमार ने कहा कि अश्लीलता रोकने के लिए महिलाओं को भी आगे आना होगा. उन्होंने कहा कि यदि महिलाएं खुद इस मुद्दे पर विरोध जताएं, तो यह जल्द ही बंद हो जाएगा. समाज में बदलाव लाने के लिए महिलाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है.
गलत लोगों का होना चाहिए विरोध
डीजीपी ने कहा कि जो लोग समाज में सम्मानित माने जाते हैं – जनप्रतिनिधि, बड़े ठेकेदार, प्रभावशाली लोग – यदि वे इस तरह की गतिविधियों को बढ़ावा देते हैं, तो उनका जबरदस्त विरोध होना चाहिए. उन्होंने कहा कि इन लोगों को इतना हतोत्साहित किया जाना चाहिए कि वे भविष्य में इस तरह के कृत्यों की हिम्मत न कर सकें.
‘बुजुर्गों की हरकतों का असर नई पीढ़ी पर’
विनय कुमार ने यह भी कहा कि कुछ लोग अपनी उम्र के आखिरी पड़ाव में बैठकर डांस देखते हैं, और उनके बच्चे उन्हीं से सीखते हैं. उन्होंने कहा, “यदि कोई 55 साल की उम्र में नृत्य देख रहा है, तो उनके बच्चे आगे चलकर और भी गलत काम करेंगे. उनमें कोई भय नहीं रहेगा कि उनके पिता खुद ऐसे कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं.”
क्या जेडीयू विधायक पर था इशारा?
हालांकि, डीजीपी विनय कुमार ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन माना जा रहा है कि उनकी बात जेडीयू विधायक गोपाल मंडल की ओर इशारा कर रही थी. हाल ही में गोपाल मंडल एक कार्यक्रम के दौरान नर्तकी के गाल पर नोट चिपकाते हुए नजर आए थे और उसके बाद उन्होंने अश्लील भाषा का भी इस्तेमाल किया था. इस घटना के बाद काफी विवाद हुआ था.
महिला सुरक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध
विनय कुमार(Bihar DGP Vinay Kumar) ने बिहार सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों की सराहना की. उन्होंने कहा कि पहले महिलाएं थाने जाने में संकोच करती थीं, लेकिन अब वे निडर होकर अपनी शिकायतें दर्ज करा रही हैं. उन्होंने बताया कि राज्यभर में महिला पुलिस थानों की स्थापना की गई है, जहां महिला पुलिस अधिकारी ही मामलों की निगरानी कर रही हैं.
महिला आरक्षण और पुलिस पर हमले पर क्या कहा
डीजीपी ने बताया कि बिहार पुलिस विभाग में महिलाओं को 35% आरक्षण दिया गया है, जिसके चलते राज्यभर में 27,000 महिला पुलिसकर्मी कार्यरत हैं. उन्होंने यह भी कहा कि हाल के दिनों में पुलिस पर कई हमले हुए हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि पुलिस अपना काम करने से पीछे हट जाएगी. उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं को कम करने के लिए ठोस रणनीति पर काम करने की जरूरत है.
क्या है अपराध और अश्लीलता को रोकने का प्लान
बिहार के डीजीपी विनय कुमार (Bihar DGP Vinay Kumar) ने बढ़ते अपराध और अश्लीलता के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने का संदेश दिया है. उन्होंने समाज से अपील की है कि वे इस समस्या को जड़ से खत्म करने में सहयोग दें. साथ ही, उन्होंने महिला सुरक्षा को लेकर सरकार के प्रयासों को भी सराहा. अब देखना यह है कि उनके इस बयान के बाद बिहार में इस दिशा में क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं.