Meerut Snake Bite Case : उत्तर प्रदेश के मेरठ के बहसूमा थाना क्षेत्र के अकबरपुर सादात गांव से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसमें एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की सोते वक्त गला घोंटकर हत्या कर दी. हत्या को आत्मिक रूप से सांप के काटने जैसा दिखाने के लिए शव के नीचे जिंदा सांप रख दिया गया. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने जब सच्चाई खोली तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई.
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने खोली साजिश की परतें
मृतक अमित कश्यप उर्फ मिक्की (25 वर्ष) टाइल्स मिस्त्री का काम करता था. शनिवार की रात रोज की तरह वह काम से लौटकर अपने घर आया, खाना खाया और अपने कमरे में सोने चला गया. उसकी पत्नी रविता और बच्चे दूसरे कमरे में थे. रविवार सुबह जब अमित नहीं उठा, तो परिवार वालों को शक हुआ. जब वे उसे जगाने पहुंचे, तो देखा कि उसका शरीर ठंडा पड़ चुका है और उसके हाथ के नीचे एक जिंदा सांप बैठा है. शरीर पर सांप के डसने के 10 निशान थे. घबराए घरवालों ने तुरंत सपेरे को बुलाया और पुलिस को सूचना दी.
पहले तो यह सामान्य सर्पदंश से हुई मौत मानी जा रही थी, लेकिन बुधवार को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आई, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ. रिपोर्ट के मुताबिक, अमित की मौत दम घुटने से हुई थी, न कि सांप के डसने से. इसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर पत्नी रविता को हिरासत में लिया. पूछताछ में उसने प्रेमी अमरदीप का नाम लिया. जब दोनों से सख्ती से पूछताछ हुई, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
Meerut : पत्नी और प्रेमी ने मिलकर रची खौफनाक साजिश
प्रेमी अमरदीप, जो कि अमित का दोस्त और साथी मजदूर था, ने खुलासा किया कि उसका रविता के साथ पिछले एक साल से अफेयर चल रहा था. जब अमित को इस बात की भनक लगी, तो उसने रविता से मारपीट शुरू कर दी. इसके बाद दोनों ने अमित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई. रविता ने ही ‘सांप से हत्या’ का आइडिया दिया था. अमरदीप ने महमूदपुर सिखेड़ा गांव के एक सपेरे से वाइपर सांप एक हजार रुपये में खरीदा और वारदात की रात उसे झोले में डालकर लाया.
वारदात वाली रात, अमित और रविता सहारनपुर से मां शाकुंभरी देवी के दर्शन करके लौटे थे. रात में जब अमित सो गया, तो रविता ने अमरदीप को बुलाया. दोनों ने मिलकर पहले अमित का गला दबाया. रविता ने उसका मुंह दबाया और हाथ पकड़े रखे, जबकि अमरदीप ने गला घोंटा. हत्या के बाद, अमरदीप ने झोले से सांप निकाला और लाश के नीचे उसकी पूंछ दबा दी ताकि वह भाग न सके और शव को डस ले. ऐसा करके वे यह जताना चाहते थे कि अमित की मौत सांप के काटने से हुई है.
पुराना विवाद बना हत्या की वजह
अमरदीप ने पुलिस (Meerut) को बताया कि कुछ दिन पहले अमित से उसका झगड़ा हुआ था, जिसमें अमित ने उसके हाथ पर वार किया था और गांव के लड़कों से पीछे लगवाया था. इस दौरान रविता भी अमित की प्रताड़ना से परेशान थी. वह कई बार थाने जाने की बात करती, लेकिन अमित उसे रोकता था. रविता ने भी स्वीकार किया कि अमित उसे मारता-पीटता था और गलत काम करने के लिए मजबूर करता था. यही नहीं, उसने अमरदीप से भी मारपीट शुरू कर दी थी.
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि दोनों आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया है. वारदात में इस्तेमाल किया गया वाइपर सांप बेहद जहरीला होता है, जिसके काटने पर बचने की संभावना बहुत कम होती है. फिलहाल दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है. अमित और रविता की शादी 8 साल पहले हुई थी. उनके तीन छोटे बच्चे हैं – एक बेटा और दो बेटियां. अब जब मां और उसके प्रेमी दोनों सलाखों के पीछे हैं, तो इन मासूमों का भविष्य अधर में लटक गया है.