asia cup 2025 : भारत, पाकिस्तान और अब बांग्लादेश के बीच बढ़ते सीमा पार तनाव ने क्रिकेट प्रेमियों की चिंता बढ़ा दी है। कूटनीतिक तनाव अब खेल के मैदान से बाहर से निकलकर सीधे क्रिकेट कैलेंडर को प्रभावित करने लगा है।
अगस्त में भारत का बांग्लादेश दौरा
दरअसल, भारतीय क्रिकेट टीम का अगस्त में बांग्लादेश दौरे पर जाना तय था, जहाँ तीन वनडे और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाने थे। लेकिन हालिया घटनाक्रम ने इस दौरे को संदेह के घेरे में ला खड़ा किया है। सूत्रों के मुताबिक, यह दौरा अभी भी कैलेंडर में है, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए भारत के दौरे से पीछे हटने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के कारण सुरक्षा की चिंता
इस बीच, बांग्लादेश के एक सेवानिवृत्त मेजर जनरल एएलएम फजलुर रहमान ने विवाद खड़ा कर दिया है। अपने फेसबुक पोस्ट में उन्होंने सुझाव दिया कि अगर भारत पाकिस्तान पर हमला करता है, तो बांग्लादेश को पूर्वोत्तर भारत पर कब्ज़ा करना चाहिए। साथ ही उन्होंने चीन के साथ संयुक्त सैन्य प्रणाली की भी वकालत की। इन बयानों ने भारत की चिंताओं को और गहरा कर दिया है। यही नहीं, हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने भी सुरक्षा चिंताओं को और बढ़ा दिया है।
asia cup 2025 भी अधर में लटका
इन सबके बीच, सितंबर में होने वाला एशिया कप (asia cup 2025) भी अधर में लटक गया है। इस बार टूर्नामेंट तटस्थ स्थल पर खेला जाना है, लेकिन अब तक कोई स्थान तय नहीं हुआ है। भारत-पाक संबंधों के मद्देनज़र टूर्नामेंट के स्थगन की अटकलें तेज़ हैं। 2023 में पाकिस्तान और श्रीलंका ने टूर्नामेंट की संयुक्त मेज़बानी की थी, जिसमें भारत ने सभी मैच श्रीलंका में खेले और अंत में खिताब अपने नाम किया। फिलहाल क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं, कूटनीति का हिस्सा बन चुका है। भारत का बांग्लादेश दौरा हो या एशिया कप — सब कुछ अब सुरक्षा और राजनीतिक समीकरणों पर टिका है।