khan Sir Marriage: देश के चर्चित शिक्षक और यूट्यूब सेंसेशन खान सर इन दिनों एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका कोई नया लेक्चर या सामाजिक मुद्दे पर बयान नहीं, बल्कि उनकी शादी है। उन्होंने इस शादी को भी अपने खास अंदाज में अंजाम दिया, जो न सिर्फ दिलचस्प है, बल्कि बेहद प्रेरणादायक और भावनात्मक भी।
khan Sir Marriage: क्लास में किया शादी का खुलासा
पटना स्थित अपने कोचिंग संस्थान की क्लास के दौरान खान सर ने जब अचानक कहा “मैंने आप लोगों को एक बात नहीं बताई… जब भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध जैसे हालात थे, उसी दौरान मेरी शादी हुई,”तो छात्रों की तालियों और हूटिंग से क्लास गूंज उठा। छात्रों की खुशी और उत्साह के बीच उन्होंने अपनी शादी से जुड़ी पूरी कहानी साझा की, जिसे सुनकर हर कोई भावुक भी हुआ और मुस्कुरा भी उठा।
भारत-पाक तनाव के बीच लिए गए बड़े फैसले
खान सर ने बताया कि शादी मई महीने की शुरुआत में हुई, लेकिन जानबूझकर इसे गुप्त रखा गया। वजह थी भारत और पाकिस्तान के बीच उस समय का सैन्य तनाव। उन्होंने कहा, “ऐसा लग रहा था जैसे कभी भी युद्ध छिड़ सकता है। उस माहौल में शादी का उत्सव मनाना मुझे सही नहीं लगा।” वे इस बात को लेकर असमंजस में थे कि ऐसी परिस्थितियों में शादी करना भी उचित होगा या नहीं। इस दौरान उन्होंने यह भी बताया कि उनका मन हो रहा था कि शादी को टालकर सीमा पर जाकर देश के जवानों की किसी तरह मदद करें। उन्होंने कहा “मैं सोच रहा था कि शादी स्थगित कर दूं और बॉर्डर पर जाकर कुछ सहयोग करूं”। लेकिन उनके माता-पिता ने पहले से ही शादी की सभी तैयारियां कर रखी थीं और वे उन्हें दुखी नहीं देख सकते थे।
किस शर्त पर हुई khan sir की शादी
हालात को देखते हुए खान सर ने शादी के लिए हामी भर दी, लेकिन एक विशेष शर्त के साथ किसी को भी शादी में आमंत्रित नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, “मैंने शादी इसलिए की क्योंकि मेरे माता-पिता की भावनाएं जुड़ी थीं, लेकिन यह तय किया कि कोई समारोह नहीं होगा।” खान सर ने बिना निमंत्रण वाली शादी के पीछे की सोच भी साझा की “मेरी पहचान मेरे छात्रों से है। अगर कोई समारोह होता और उसमें मेरे छात्र नहीं होते, तो वह मेरे लिए अधूरा होता।” यही वजह थी कि उन्होंने शादी को पूरी तरह निजी रखा और किसी भी प्रकार का उत्सव नहीं किया।
अब होगी दावत, 6 जून को
अब जब हालात सामान्य हो गए हैं और भारत-पाक तनाव भी घट गया है, खान सर ने अपने छात्रों से वादा किया है कि वे 6 जून को एक भव्य दावत देंगे। उन्होंने कहा, “अब जबकि सबकुछ शांत है, तो मैं अपने छात्रों और शुभचिंतकों को एक दावत दूंगा।” इस घोषणा के बाद छात्रों में उत्साह का माहौल है। उधर जैसे ही खान सर की शादी की खबर सामने आई, सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर लोग उन्हें बधाइयां दे रहे हैं। लोग यह जानने के लिए भी उत्सुक हैं कि उनकी जीवनसंगिनी कौन हैं, लेकिन इस बारे में अभी तक खान सर ने कोई खुलासा नहीं किया है। उनका फोकस अब भी पूरी तरह से पढ़ाई और छात्रों पर है।