India vs England : भारत के करिश्माई बाएं हाथ के चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) एक बार फिर सुर्खियों में हैं। 30 वर्ष की उम्र में भी कुलदीप ने अब तक केवल 13 टेस्ट मैच खेले हैं, लेकिन उनकी गेंदबाज़ी में मौजूद विविधता और हालिया प्रदर्शन इस ओर इशारा कर रहे हैं कि वे आगामी इंग्लैंड दौरे पर टीम इंडिया के लिए तुरुप का इक्का साबित हो सकते हैं।
2019 के बाद करियर में उतार-चढ़ाव
साल 2019 में सिडनी टेस्ट में पांच विकेट लेकर कुलदीप ने खुद को भारतीय टेस्ट टीम में एक प्रमुख स्पिनर के रूप में स्थापित करने की ओर कदम बढ़ाया था। लेकिन इसके बाद उनका करियर फॉर्म में गिरावट और घुटने की सर्जरी जैसी चुनौतियों से घिर गया। आर अश्विन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर जैसे खिलाड़ियों की मौजूदगी के चलते वे पांचवें विकल्प के स्पिनर बनकर रह गए।
इंग्लैंड के खिलाफ Kuldeep Yadav का शानदार रिकॉर्ड
कुलदीप यादव के बचपन के कोच कपिल पांडे का मानना है कि कुलदीप इस बार इंग्लैंड में भारत के लिए सबसे बड़ा हथियार साबित हो सकते हैं। उन्होंने कहा, “अब कुलदीप वह गेंदबाज नहीं रहा जो पहले था। उसकी गेंदबाज़ी में गहराई और निरंतरता आई है। 2024 में भारत में इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई घरेलू टेस्ट सीरीज़ में उन्होंने चार मैचों में 19 विकेट लिए थे। कोच पांडे के अनुसार, “यह वही इंग्लैंड टीम है। जिसने पिछली बार जब उन्होंने कुलदीप का सामना किया था, तो वे उनकी गेंदों को पढ़ नहीं पाए थे। गौरतलब है कि 2018 के इंग्लैंड दौरे पर लॉर्ड्स टेस्ट में कुलदीप ने बल्ले से 44 रन बनाए और नौ ओवर में दो विकेट भी चटकाए थे। यह प्रदर्शन, हरी-भरी पिच पर हुआ था, जो आम तौर पर स्पिनरों के अनुकूल नहीं मानी जाती।
भारत का इंग्लैंड दौरा: 5 टेस्ट, नई चुनौतियां
भारत 20 जून से इंग्लैंड में पाँच टेस्ट मैच खेलेगा, जो अगले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र के लिहाज से बेहद अहम माने जा रहे हैं। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर पहले ही संकेत दे चुके हैं कि जसप्रीत बुमराह सभी टेस्ट नहीं खेल सकते, वहीं मोहम्मद शमी को पूरी तरह फिट नहीं माना गया है। इसके अलावा, आर अश्विन के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद भारत को एक मुख्य स्पिन विकल्प की तलाश है। ऐसे में कुलदीप यादव का रोल बेहद अहम हो सकता है।
ड्यूक बॉल और इंग्लैंड की पिचें: Kuldeep Yadav के लिए होगी कठिन परीक्षा
हालांकि, कुलदीप (Kuldeep Yadav) के लिए यह दौरा आसान नहीं होगा। इंग्लैंड में ड्यूक बॉल से स्पिन गेंदबाजी करना अपने आप में एक चुनौती है। पूर्व स्पिनरों का मानना है कि केवल शेन वॉर्न जैसे दिग्गज ही इस चुनौती से पार पा सके थे। ड्यूक बॉल कम चमक खोती है और सीम मूवमेंट ज्यादा देती है, जिससे स्पिनरों को कम टर्न मिलती है। कुलदीप को इंग्लैंड की परिस्थितियों के अनुरूप अपनी गेंदबाज़ी में बदलाव लाना होगा और अपनी लय को बरकरार रखना होगा। यदि वे ऐसा कर पाने में सफल रहते हैं, तो इंग्लैंड के “बज़बॉल” अप्रोच के खिलाफ वे भारत के लिए सबसे प्रभावशाली हथियार बन सकते हैं।
अब जब भारतीय टीम तेज गेंदबाज़ों की फिटनेस और स्पिन आक्रमण में संतुलन की तलाश में है, कुलदीप यादव के पास खुद को एक प्रमुख टेस्ट गेंदबाज़ के रूप में साबित करने का सुनहरा मौका है। उनका अनुभव, हालिया फॉर्म और विविधता इंग्लैंड की धरती पर भारत के जीत के समीकरण में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।