Rahul Gandhi on Election Commission : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वोटर लिस्ट में गड़बड़ी को लेकर चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे राज्यों में वोटर लिस्ट के साथ छेड़छाड़ कर चुनावों को प्रभावित किया गया है। एक प्रेजेंटेशन के माध्यम से राहुल ने दावा किया कि महाराष्ट्र में सिर्फ पांच महीनों में 40 लाख रहस्यमयी वोटर्स जोड़े गए, जबकि बेंगलुरु की महादेवपुरा विधानसभा सीट पर कांग्रेस की आंतरिक जांच में एक लाख से अधिक फर्जी वोटर्स की पहचान हुई है।
पांच तरीकों से हो रही वोट की चोरी : Rahul Gandhi
राहुल गांधी ने वोटर लिस्ट में पांच तरीकों से वोट चोरी का दावा किया, इसमें डुप्लीकेट वोटर्स, फर्जी या इनवैलिड एड्रेस, एक पते पर दर्जनों मतदाता, अमान्य फोटो और फॉर्म 6 का दुरुपयोग शामिल है। राहुल ने यह भी आरोप लगाया कि वोटिंग के दिन शाम 5 बजे के बाद अचानक वोटिंग में असामान्य तेजी आई, जिससे संदेह और गहरा हुआ। उन्होंने चुनाव आयोग पर सत्ताधारी पार्टी के साथ मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि आयोग ने बार-बार अनुरोध के बावजूद कांग्रेस को डेटा नहीं दिया और जवाब देने से भी इनकार किया।
कहां कैसे हो रही वोटों की चोरी
- डुप्लीकेट वोटर्स-11,965
- फर्जी/अवैध एड्रेस-40,009
- एक पते पर बल्क वोटर्स-10,452
- अमान्य फोटो-4,132
- फॉर्म 6 का दुरुपयोग-30,000
Rahul Gandhi ने चेतावनी देते हुए कहा कि चाहे कोई अधिकारी जूनियर हो या सीनियर, अगर लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ किया गया है तो जिम्मेदारों को छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने चुनाव आयोग से जवाब मांगते हुए कहा कि वोटर लिस्ट की पारदर्शिता और निष्पक्षता लोकतंत्र की मूल भावना से जुड़ी हुई है और इसकी अनदेखी नहीं की जा सकती।