नवजात बच्चे का शव नहीं मरा हुआ स्वास्थ्य व्यवस्था लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचा था पिता…!

lakhimpur kheri newborn dead : मानवता क्या है.. इस सवाल का ठीक ठीक जवाब क्या होगा ? इसको लेकर आपके तर्क हो सकते हैं, लेकिन इस रिपोर्ट में, मैं जिस घटना का जिक्र कर रहा हुं उसे लेकर आप यह जरूर कह सकते हैं कि क्या यही मानवता है…जिसकी दुहाई हम बात बात पर देते हैं. लखीमपुर खीरी जिले से आई एक दिल दहला देने वाली घटना ने हमारे स्वास्थ्य व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर दिया है. एक पिता अपने नवजात बच्चे के शव को झोले में डालकर कलेक्ट्रेट पहुंचता है और अधिकारियों से अपनी दीन-हीन गुहार लगाता है,मेरे बच्चे को जिंदा कर दो या फिर दोषियों पर कार्रवाई करो. यह दृश्य हमारी स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति को भी दर्शाता है.

क्या किसी मां-बाप के लिए इससे बड़ा दुःख हो सकता है कि वे अस्पताल से इलाज की उम्मीद में जाएं और एक मृत बच्चे का शव लेकर लौटें? और यह सब सिर्फ एक मामूली सी लापरवाही और पैसों की तंगी के चलते. इस घटना ने यह सवाल खड़ा किया है कि क्या हम वास्तव में चिकित्सा सेवाओं में लोगों की जान को प्राथमिकता दे रहे हैं या फिर अस्पतालों में यह सिर्फ एक व्यापार बन गया है, जहां पैसे कमाने की होड़ मचाई हुई है?

घटना से यह स्पष्ट होता है कि लखीमपुर खीरी के महेवागंज स्थित गुलदार अस्पताल ने अपनी लापरवाही और पैसों के लालच के चलते एक मासूम की जान ले ली. नवजात बच्चे की गंभीर स्थिति को नजरअंदाज कर दिया गया, इलाज में देरी की गई और पैसे के बदले इलाज देने की बात कही गई. जब बिपिन गुप्ता, पीड़ित पिता ने अस्पताल को बाकी पैसे देने का वादा किया तब भी डॉक्टरों ने कोई रुचि नहीं दिखाई. यह घटना दर्शाती है कि जहां अस्पतालों से जीवन रक्षक सेवाओं की उम्मीद होती है, वहीं यहां इलाज की प्रक्रिया पैसे के इर्द-गिर्द घूम रही थी.

स्वास्थ्य व्यवस्था में इस तरह का व्यापारिक रवैया न केवल अमानवीय है, बल्कि यह मानवता के लिए एक गंभीर खतरे की घंटी भी है. अस्पतालों का उद्देश्य जीवन रक्षक सेवाएं देना होता है, लेकिन जब डॉक्टर, नर्स और अन्य कर्मचारी सिर्फ पैसे कमाने में व्यस्त हो जाते हैं, तो यह पूरी स्वास्थ्य प्रणाली की दिशा को खतरे में डाल देता है. यह सिर्फ एक घटना का उदाहरण है, लेकिन इसके असर बहुत गहरे हैं. जब चिकित्सा पेशेवरों की पहली प्राथमिकता पैसे बन जाए, तो यह मानवता के लिए एक बड़ी चेतावनी है.

हालांकि इस दुखद घटना के बाद प्रशासन ने तात्कालिक कदम उठाए हैं, जैसे अस्पताल को सील करना और जांच शुरू करना, लेकिन क्या यह सचमुच पर्याप्त है? क्या यह कार्रवाई भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए असरदार साबित होगी? अगर यह कार्रवाई एक पिता के आंसुओं को देखकर की गई है, तो क्या यह भविष्य में व्यवस्था में बदलाव लाएगी? यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि भविष्य में कोई और व्यक्ति ऐसे दुःख का शिकार न हो.

मानवता में विश्वास बनाए रखने के लिए यह जरूरी है कि निजी अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. यह केवल एक पिता का दर्द नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम की विफलता का प्रतीक है. हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हमारा चिकित्सा क्षेत्र व्यापार से ऊपर उठकर, मानवता की सेवा में लगे.हम सभी को यह समझने की जरूरत है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सिर्फ कानूनी और प्रशासनिक कदम पर्याप्त नहीं हैं. यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है. अगर हम इसे केवल एक दुखद घटना के रूप में देखेंगे, तो हम किसी और विपिन गुप्ता की पीड़ा को बढ़ने से नहीं रोक सकते. अब वक़्त है जब हमें स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की सख्त जरूरत है, ताकि कभी किसी और को अपने बच्चे का शव झोले में डालकर अधिकारियों से न्याय की गुहार नहीं लगानी पड़े.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *