Deoghar Temple (Baba Baidyanath Dham): झारखंड के देवघर जिले में स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि करोड़ों शिव भक्तों की आस्था का स्वरूप है. यह स्थान भक्ति, विश्वास और चमत्कार का ऐसा संगम है, जिसकी गिनती न केवल बारह ज्योतिर्लिंगों में होती है, बल्कि यह 51 शक्तिपीठों में से भी एक है. इसी वजह से इसे कांवड़ियों की नगरी भी कहा जाता है.
इतिहास और पौराणिक मान्यता
मान्यता है कि लंकापति रावण ने भगवान शिव को लंका ले जाने के लिए कठोर तपस्या की थी. तपस्या से प्रसन्न होकर शिवजी ने शिवलिंग का स्वरूप उसे सौंपा, लेकिन विशेष शर्तों के साथ, कहा यह भी जाता है कि रावण से लंका तक नहीं पहुँचा सका और यह शिवलिंग यहीं स्थापित हो गया, जो आज बाबा बैद्यनाथ धाम के नाम से जाना जाता है. श्रद्धालुओं का विश्वास है कि यहाँ जल अर्पण और पूजा करने से सभी दुख दूर होते हैं और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं.
स्थापत्य और विशेषता
देवघर मंदिर परिसर अपनी अनोखी स्थापत्य कला और भव्यता के लिए प्रसिद्ध है। यहाँ मुख्य शिवलिंग के अलावा 21 छोटे-छोटे मंदिर हैं, जो इसे और भी पवित्र बनाते हैं. नागर शैली की झलक लिए इस मंदिर की ऊँचाई लगभग 72 फीट है और इसके शिखर पर सोने का कलश तथा पंचशूल स्थापित है, जो इसे और भी आकर्षक बनाते हैं.
सावन महोत्सव और कांवड़ यात्रा….
देवघर की पहचान सावन महीने में होने वाली कांवड़ यात्रा से भी है। हर साल लाखों श्रद्धालु सुल्तानगंज से गंगा जल लेकर 108 किलोमीटर लंबी पैदल यात्रा कर बाबा भोलेनाथ को जल चढ़ाते हैं. यह यात्रा विश्व की सबसे बड़ी धार्मिक यात्राओं में से एक है और सावन में देवघर का हर कोना बम बम भोले के जयकारों से गूंज उठता है.
बाबा बैद्यनाथ धाम केवल पूजा-अर्चना का स्थान नहीं है, बल्कि यह वह धाम है जहाँ हर भक्त को शांति और भक्ति का अनोखा अनुभव मिलता है. चाहे कोई श्रद्धालु हो या पर्यटक, देवघर की पवित्रता हर किसी को अपनी आस्था और संस्कृति से जोड़ देती है.