Naulakha Palace: बिहार के मधुबनी जिले के राजनगर में खड़ा नौलखा पैलेस महज ईंट-पत्थर का ढांचा नहीं, बल्कि मिथिला की शान और गौरव की कहानी है. इसे दरभंगा नरेश महाराजा रामेश्वर सिंह ने करीब 9 लाख रुपये खर्च करके बनवाया था. उस दौर में 9 लाख की रकम का अंदाजा भी मुश्किल है, तभी तो इसका नाम पड़ा नौलखा पैलेस.
स्थापत्य और ऐतिहासिक महत्व
सोचिए, जब आप इस महल के सामने खड़े होते हैं तो उसके ऊँचे दरवाजे, संगमरमर की सीढ़ियाँ और बारीक नक्काशी आपको सैकड़ों साल पीछे ले जाती हैं. झरोखों से आती हवा, मंदिरों की घंटियों की गूंज और बाग-बगीचों का नजारा सब मिलकर यह एहसास दिलाते थे कि यह महल सिर्फ राजा का निवास नहीं बल्कि एक जीवंत संस्कृति का केंद्र भी हैं. राजदरबार की बैठकों से लेकर शाही समारोहों तक, हर दीवार मानो अपनी कहानी कहती है.
भूकंप के बाद उजड़ा वैभव
लेकिन वक्त हमेशा एक जैसा नहीं रहता. 1934 का विनाशकारी भूकंप इस शाही धरोहर के लिए काल बन कर आया. कई हिस्से जमींदोज हो गए, छतें ढह गईं और रंगीन आंगन वीरान हो गया. आज जब लोग यहाँ जाते हैं तो टूटी हुई दीवारों और खंडहरों के बीच उन्हें सिर्फ अतीत की परछाइयां दिखाई देते हैं. फिर भी, इस महल की खूबसूरती ऐसी है कि खंडहर भी लोगों को खींच लाते हैं.
संरक्षण और पर्यटन की संभावना
यहां के लोग अक्सर कहते हैं, अगर सरकार ध्यान दे तो यह जगह बिहार का ताजमहल बन सकती है, और सच भी है. अगर नौलखा पैलेस को संरक्षित कर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाए, तो यह न सिर्फ इतिहास को बचाया बल्कि रोजगार और पर्यटन दोनों को नई ऊँचाइयाँ देगा. सोचिए की अगर यहाँ लाइट-एंड-साउंड शो या सांस्कृतिक कार्यक्रम होने लगें तो यह जगह हर पर्यटक की सूची में शामिल हो जाएगी.
बदलते समय में धरोहर का महत्व
आज जब हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, तो ऐसे धरोहर हमें अपनी जड़ों की याद दिलाते हैं. नौलखा पैलेस हमें बताता है कि मिथिला केवल परंपरा और साहित्य की भूमि ही नहीं, बल्कि स्थापत्य और वैभव का भी गढ़ रहा है. जिस तरह नालंदा विश्वविद्यालय को फिर से जीवंत किया गया, उसी तरह अगर नौलखा पैलेस को भी नया जीवन मिले, तो यह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा और गौरव दोनों बनेगा.