Bihar unemployment allowance : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को युवाओं के लिए बड़ी राहत की घोषणा की. सरकार अब राज्य के बेरोजगार ग्रेजुएट युवाओं को हर महीने 1000 रुपए की आर्थिक सहायता देगी. यह भत्ता दो साल तक सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में ट्रांसफर किया जाएगा. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसकी जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दी. उन्होंने लिखा कि नवंबर 2005 में नई सरकार बनने के बाद से ही अधिक से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना प्राथमिकता रही है. इसी क्रम में यह नया निर्णय लिया गया है, जिससे लाखों बेरोजगार युवा लाभान्वित होंगे.
किसे मिलेगा लाभ?
यह योजना 20 से 25 वर्ष आयु वर्ग के उन युवकों और युवतियों के लिए होगी जो ग्रेजुएट हैं और बेरोजगार हैं , नौकरी या रोजगार के लिए प्रयासरत हैं. ऐसे योग्य अभ्यर्थियों को 2 साल तक हर महीने 1000 रुपए की राशि मिलेगी. नीतीश कुमार ने अपने पोस्ट में आगे लिखा कि आने वाले समय में सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों में बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे. उन्होंने कहा कि आपको पता है कि अगले 5 साल में एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है.
युवाओं को साधने की कोशिश
विशेषज्ञों का मानना है कि बिहार सरकार का यह कदम विधानसभा चुनाव से पहले युवाओं को साधने की रणनीति का हिस्सा भी हो सकता है. बेरोजगारी बिहार की एक बड़ी समस्या रही है और लंबे समय से युवा राज्य सरकार से ठोस कदम उठाने की उम्मीद करते आए हैं.