Shardiya Navratri 2025: नवरात्रि का त्योहार पूरे भारत में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है. यह पर्व न सिर्फ देवी दुर्गा की पूजा-अर्चना का समय है, बल्कि रंग-बिरंगे परिधान, संगीत और नृत्य का उत्सव भी है. खासकर गरबा और डांडिया नाइट्स नवरात्रि की रौनक को दोगुना कर देते हैं. इस दौरान देशभर के कई शहर जगमगाते हैं, जहां स्थानीय लोग ही नहीं, बल्कि दूर-दराज से आए पर्यटक भी शामिल होकर इस उत्सव को यादगार बनाते हैं.
अहमदाबाद: गरबा की राजधानी
गुजरात का अहमदाबाद शहर नवरात्रि के समय एक अलग ही रंग में डूब जाता है. इसे गरबा की राजधानी कहा जाता है. यहां रातभर ढोल और संगीत की गूंज रहती है. रंग-बिरंगे परिधानों में सजे लोग गरबा की लय पर थिरकते नजर आते हैं. दुनियाभर से लोग इस नज़ारे को देखने के लिए अहमदाबाद पहुंचते हैं.
मुंबई: बॉलीवुड तड़का वाला गरबा
अगर आप नवरात्रि में बॉलीवुड का रंग देखना चाहते हैं तो मुंबई आपके लिए परफेक्ट जगह है. यहां होने वाली फाल्गुनी पाठक की डांडिया नाइट्स खास आकर्षण होती हैं. म्यूजिक, डांस और सेलिब्रिटी टच इस आयोजन को खास बना देता है.
दिल्ली: परंपरा और आधुनिकता का संगम
राजधानी दिल्ली भी नवरात्रि के दौरान गरबा और डांडिया से जगमगा उठती है. छतरपुर और द्वारका जैसे इलाकों में बड़े पैमाने पर आयोजन होते हैं. यहां पर आप देश की विविधता और संस्कृति का संगम एक ही जगह पर देख सकते हैं.
वडोदरा: परंपरा का उत्सव
वडोदरा में नवरात्रि का अलग ही महत्व है. यहां भव्य आयोजन होते हैं जिनमें हजारों लोग पारंपरिक परिधानों में शामिल होते हैं. यह शहर आपको गरबा की असली परंपरा से रूबरू कराता है.
सूरत: ग्लोबल गरबा और डांडिया
सूरत नवरात्रि के दौरान एक अलग ही चमक बिखेरता है. यहां आधुनिक संगीत और पारंपरिक नृत्य का मेल देखने को मिलता है. ग्लोबल गरबा और डांडिया नाइट्स इस शहर का मुख्य आकर्षण है, जहां युवा वर्ग खूब मस्ती करता है.