Up news : बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर पर फायरिंग करने वाले दो बदमाशों को उत्तर प्रदेश एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने गाजियाबाद में एनकाउंटर में ढेर कर दिया. मारे गए आरोपियों की पहचान रविन्द्र उर्फ कल्लू और अरुण के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से ग्लॉक और जिगाना पिस्टल समेत कई कारतूस बरामद किए.
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी रोहित गोदारा और गोल्डी बरार गैंग से जुड़े हुए थे. इनमें से रविन्द्र पहले भी कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है. एनकाउंटर के दौरान दोनों ओर से फायरिंग हुई, जिसमें दोनों आरोपी मारे गए.
दो बार हुआ था हमला
दिशा पाटनी के पिता ने पुलिस को बताया था कि उनके सिविल लाइंस स्थित घर पर पहली फायरिंग 11 सितंबर को सुबह करीब 4:33 बजे हुई थी. उस दौरान पड़ोसियों को सड़क पर दो खोखे भी मिले थे. दूसरी घटना 12 सितंबर की सुबह 3:30 बजे हुई, जिसमें परिवार ने सीधे तौर पर खुद पर हमला होने का दावा किया. साथ ही दिशा के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणियां और धमकियां भी दी गई थीं.
विवादित बयान से जुड़ा मामला
गौरतलब है कि हाल ही में कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज ने लड़कियों को लेकर एक विवादित टिप्पणी की थी, जिसकी आलोचना दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी ने की थी. उन्होंने महाराज को एंटी-नेशनल बताया और उनके समर्थकों को भी आड़े हाथों लिया. सोशल मीडिया पर यह विवाद काफी तूल पकड़ गया. बाद में खुशबू ने स्पष्टीकरण दिया कि उनका बयान केवल अनिरुद्धाचार्य के लिए था, न कि प्रेमानंद महाराज के लिए, लेकिन तब तक मामला गरमा चुका था.
इस पूरे विवाद और धमकियों के बीच हुए हमलों ने मामले को और गंभीर बना दिया. फिलहाल एनकाउंटर के बाद पुलिस ने दावा किया है कि मुख्य आरोपियों को खत्म कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है.