भोजपुरी सुपरस्टार: पवन सिंह इन दिनों अपने निजी जीवन और करियर दोनों वजहों से सुर्खियों में हैं। हाल ही में वह एमएक्स प्लेयर के पॉपुलर शो ‘राइज एंड फॉल’ में बतौर प्रतियोगी नजर आ रहे हैं। शो के एक नए प्रोमो ने फैंस को भावुक कर दिया है, जिसमें पवन सिंह अपनी शादीशुदा जिंदगी और रिश्तों पर खुलकर बात करते दिखाई दे रहे हैं।
पहली पत्नी को याद कर हुए भावुक
प्रोमो में पवन सिंह अपने दिल का दर्द बयां करते नजर आए। उन्होंने कहा, “मेरी शादी हुई थी एक लड़की से, लेकिन शादी के सिर्फ तीन महीने बाद ही उसने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। वो सच में देवी थी, जिसे मैंने खो दिया।” यह कहते हुए पवन काफी भावुक दिखे और उनकी आंखों में आंसू साफ झलक रहे थे।
दूसरी बार प्यार और फिर विवाद
पवन सिंह ने आगे बताया कि पहली पत्नी के जाने के बाद उन्होंने खुद को काम में व्यस्त रखा। इसी दौरान उनकी जिंदगी में फिर से किसी के लिए जगह बनी और नजदीकियां बढ़ीं। हालांकि, परिवार वालों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। पवन ने कहा कि परिवार की इच्छा के अनुसार उन्होंने दूसरी शादी की, लेकिन यह रिश्ता भी लंबे समय तक नहीं टिक पाया और अब मामला तलाक तक पहुंच चुका है।
लव मैरिज पर पवन सिंह का बड़ा बयान
पवन ने साफ कहा कि उन्होंने हमेशा यह ठाना था कि “जिंदगी वहीं बसेगी, जहां परिवार वाले चाहेंगे। मैं लव मैरिज नहीं कर सकता, यह मेरा अपना फैसला नहीं होगा।” इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर कयास लगाए जा रहे हैं कि पवन सिंह ने अपने और अक्षरा सिंह के रिश्ते को लेकर भी इशारों-इशारों में बड़ी बात कह दी है।
फैंस का रिएक्शन
पवन सिंह का यह इमोशनल वीडियो सामने आने के बाद फैंस भी भावुक हो गए हैं। कुछ लोगों ने उनकी मजबूरी को समझते हुए उन्हें हिम्मत दी, तो वहीं कुछ ने उनके निजी रिश्तों पर सवाल भी उठाए। हालांकि, इतना तय है कि पवन सिंह का यह दर्दभरा किस्सा उनके चाहने वालों के दिलों को छू गया है।