Rule Change 1st October : अक्टूबर की शुरुआत बड़े बदलावों के साथ, रसोई से जेब तक पर पड़ेगा असर

Rule Change 1st October : सितंबर का महीना खत्म होते ही अक्टूबर 2025 की शुरुआत बड़े बदलावों के साथ हुई है. 1 अक्टूबर से लागू हुए ये नियम आम आदमी से लेकर उद्योग, यात्रा और डिजिटल पेमेंट तक सभी को प्रभावित करने वाले हैं. खासतौर पर त्योहारी सीजन में हुए इन बदलावों का सीधा असर हर घर के बजट और रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ेगा. इस बार अक्टूबर की शुरुआत जिस तरह हुई है, उसने ग्राहकों को रसोई गैस की कीमतों में इजाफे से झटका दिया है, तो वहीं हवाई और रेल यात्रियों के लिए भी नई व्यवस्थाएं लागू हुई हैं. यूपीआई (UPI) के जरिए डिजिटल लेन-देन करने वालों को भी बदलाव का सामना करना पड़ रहा है.

LPG सिलेंडर महंगा, बढ़ा रसोई का खर्च

त्योहारी सीजन में सबसे बड़ा झटका एलपीजी ग्राहकों को लगा है. ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 1 अक्टूबर से 19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है. बीते कुछ महीनों से कंपनियों ने सिलेंडर के दामों में कटौती की थी, जिससे राहत मिली थी, लेकिन अब फिर से बढ़ी कीमतों ने रसोई के बजट पर सीधा असर डाला है. दिल्ली से लेकर मुंबई तक कॉमर्शियल सिलेंडर महंगा हो गया है. घरेलू रसोई गैस की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन कॉमर्शियल सिलेंडर के महंगे होने का असर होटल-रेस्तरां से लेकर छोटे कारोबारियों तक पर पड़ेगा.

हवाई यात्रियों की जेब पर भी असर

त्योहारी सीजन में हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को भी झटका लगा है. सितंबर में विमान ईंधन (ATF) की कीमतों में कटौती की गई थी, लेकिन 1 अक्टूबर से ATF के दाम में इजाफा कर दिया गया. इसका सीधा असर हवाई किरायों पर पड़ेगा और फेस्टिव सीजन में टिकट महंगे हो सकते हैं.

रेल यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग का नया नियम

इंडियन रेलवे ने भी ऑनलाइन टिकट बुकिंग के नियमों में अहम बदलाव किया है. 1 अक्टूबर से IRCTC ऐप और वेबसाइट पर रिजर्वेशन खुलने के पहले 15 मिनट तक केवल उन्हीं यात्रियों को टिकट बुक करने की अनुमति होगी, जिनका आधार वेरिफिकेशन हो चुका है. यह नियम फिलहाल तत्काल टिकट बुकिंग पर लागू होगा. रेलवे का कहना है कि यह कदम टिकट बुकिंग में होने वाली धांधली और दलाली पर रोक लगाने के लिए उठाया गया है. हालांकि, PRS काउंटर से टिकट बुक कराने वालों के लिए नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.

UPI यूजर्स के लिए भी बदला नियम

डिजिटल पेमेंट के सबसे लोकप्रिय माध्यम यूपीआई (UPI) पर भी 1 अक्टूबर से नया नियम लागू हो गया है. नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने P2P कलेक्ट ट्रांजैक्शन फीचर को हटाने का फैसला किया था, जो अब लागू हो गया है. इसका मकसद फाइनेंशियल फ्रॉड पर रोक और सिक्योरिटी को मजबूत करना है. इस बदलाव से उन यूजर्स को असर होगा, जो यूपीआई ऐप्स के जरिए P2P कलेक्ट का इस्तेमाल करते थे.

त्योहारी सीजन में बैंक हॉलिडे की लंबी लिस्ट

अक्टूबर में त्योहारों की वजह से बैंकों में छुट्टियों की भरमार है. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने अक्टूबर की बैंक हॉलिडे लिस्ट जारी की है, जिसके मुताबिक पूरे महीने में कुल 21 दिन बैंक बंद रहेंगे. इनमें महात्मा गांधी जयंती, दुर्गा पूजा, दशहरा, लक्ष्मी पूजा, महार्षि वाल्मीकि जयंती, करवा चौथ, दिवाली, गोवर्धन पूजा, भाईदूज और छठ पूजा जैसी छुट्टियां शामिल हैं. इसके अलावा दूसरे और चौथे शनिवार तथा रविवार को साप्ताहिक अवकाश रहेगा. हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि बैंक हॉलिडे अलग-अलग राज्यों में स्थानीय त्योहारों के हिसाब से अलग-अलग हो सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *