Election Commission Meeting With Political Parties : बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. इसी कड़ी में आज यानी शनिवार को भारत निर्वाचन आयोग (ECI) राज्य के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ अहम बैठक करने जा रहा है. चुनाव आयोग की ओर से जारी निर्देश के मुताबिक, यह बैठक पटना के होटल ताज में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी. बैठक की अध्यक्षता मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार करेंगे. आयोग ने राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय मान्यता प्राप्त सभी राजनीतिक दलों से बैठक में उपस्थित रहने की अपील की है.
अधिकतम तीन प्रतिनिधियों को बैठक में शामिल होने की अनुमति
निर्देश के अनुसार, प्रत्येक राजनीतिक दल से अधिकतम तीन प्रतिनिधियों को बैठक में शामिल होने की अनुमति दी गई है. इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी. साथ ही मतदान केंद्रों की व्यवस्था, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, आचार संहिता (Model Code of Conduct) के पालन और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता व निष्पक्षता जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी.
निर्वाचन आयोग ने राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे चुनावी प्रक्रिया को मजबूत और भरोसेमंद बनाने के लिए अपने रचनात्मक सुझाव दें. अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अमित कुमार पांडेय के अनुसार, बैठक में आम आदमी पार्टी (AAP), बहुजन समाज पार्टी (BSP), भारतीय जनता पार्टी (BJP), कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सिस्ट), इंडियन नेशनल कांग्रेस, नेशनल पीपुल्स पार्टी, जनता दल (यूनाइटेड), राष्ट्रीय जनता दल (RJD), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), राष्ट्रीय लोक समता पार्टी और सीपीआई (ML) लिबरेशन समेत दर्जनों दलों के प्रतिनिधि शामिल होंगे.