New Rail Line: कोसी के कछार पर रहने वाले नागरिकों और उनके साथ साथ पूरे मिथिलांचल के लोगों की लगभग दो दशक पुराना इंतज़ार ख़त्म होने को है. केंदीय कैबिनेट ने इस इलाके में रेल-सुविधाओं को लेकर एक खास तोहफ़ा दिया है. केंद्र सरकार द्वारा सीतामढ़ी–जयनगर–निर्मली रेल लाइन परियोजना को मिली मंजूरी इस इलाके के विकास की नई इबारत लिखने वाली है. परियोजना की सबसे बड़ी बात यह है कि यह उन सीमावर्ती जिले सीतामढ़ी, मधुबनी और सुपौल के लिए जीवन रेखा साबित होगी, जिनकी भौगोलिक चुनौतियों ने लंबे समय तक आवागमन और व्यापार को बाधित रखा है.
जानकारी के लिए बता दें कि तिरहुत और कोसी प्रमंडल के बीच वर्षों से एक सीधा रेल मार्ग न होने के कारण इस इलाके के लोग सड़क परिवहन पर निर्भर थे, जो समय-साध्य और असुविधाजनक रहा. अब यह रेल लाइन उन दूरियों को मिटाएगी, जो न केवल भौगोलिक थीं बल्कि सामाजिक-आर्थिक प्रगति के रास्ते में भी रोड़ा बनी हुई थीं. रेल कनेक्टिविटी महज यातायात का साधन नहीं आर्थिक विकास का वाहक होती है. इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह सीमावर्ती इलाकों की कनेक्टिविटी को नया आयाम देगी. भारत-नेपाल सीमा से लगे इन जिलों में व्यापार, कृषि और पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं, जो बेहतर परिवहन व्यवस्था के अभाव में अब तक दबकर रह गई थीं. रेल लाइन खुलने से स्थानीय उत्पादों की आवाजाही आसान होगी, छोटे कारोबारों को नए बाजार मिलेंगे और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे.
जानकारी के लिए बता दें कि इस परियोजना का शिलान्यास 2007 मेंतत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव द्वारा किया गया था., लेकिन भूमि अधिग्रहण और बजट आवंटन की अड़चनों ने इसे 16 वर्षों तक ठंडे बस्ते में डाल रखा था. अब जो जानकारी सामने आई है उसके हिसाब से इस दिशा में बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव की पहल उल्लेखनीय है, जिनके प्रयासों से यह योजना फिर से पटरी पर लौट सकी है. रेल मंत्रालय की स्वीकृति और प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री के सहयोग ने इस ठहरे हुए सपने को नया जीवन दिया है.लेकिन महज परियोजनाओं के स्वीकृति भर से कुछ नहीं होने वाला क्योंकि भूमि अधिग्रहण, समयबद्ध निर्माण और गुणवत्तापूर्ण कार्यान्वयन आदि को लेकर अब असली चुनौती शुरू होगी . यदि यह परियोजना भी अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की तरह देरी की भेंट चढ़ी, तो जनता की उम्मीदें फिर से निराशा में बदल जाएंगी. इसीलिए राज्य और केंद्र दोनों सरकारों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि वो कैसे समन्वय बनाकर काम को तय समयसीमा में पूरा करें.
2,400 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सीतामढ़ी–जयनगर–निर्मली रेल लाइन परियोजना की कुल लंबाई 189 किलोमीटर है. इस नई रेल लाइन पर कुल 25 स्टेशन होंगे. इसमें चार पुराने स्टेशन सीतामढ़ी,जयनगर, निर्मली और लौकहा बाजार सहित 21 नए स्टेशन शामिल किए जाएंगे. प्रमुख नए स्टेशन भुतही, सोनबरसा, सुरसंड, उमगांव और लालमणि है. जो पूरे क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक जीवन में नई ऊर्जा का संचार करने वाली साबित होगी.
अब तक मिथिलांचल के दोनों हिस्सों के बीच संपर्क की मुख्य कड़ी कोसी महासेतु था. लेकिन यह नई रेल परियोजना इस कड़ी को और मजबूत करेगी. यह परियोजना न केवल उत्तर बिहार के लिए, बल्कि नेपाल के तराई क्षेत्र से लेकर पूरे मिथिला क्षेत्र के लिए एक अहम बदलाव की शुरुआत है. लौकहा बाज़ार और सुरसंड जैसे सीमावर्ती इलाकों को जोड़ने से भारत-नेपाल के बीच व्यापार और पर्यटन को नई दिशा मिलेगी. इससे स्थानीय उद्योगों को गति मिलेगी और सीमा क्षेत्रों के आदिवासी व ग्रामीण समुदायों को रोज़गार और आर्थिक विकास के नए अवसर मिलेंगे. यह रेल लाइन भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक ‘बेटी–रोटी’ के रिश्तों को और अधिक गहराई प्रदान करेगी. मिथिला की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक व्यापार और सीमावर्ती समाज की आजीविका, इन सब पर इसका गहरा असर पड़ेगा. यह परियोजना केवल रेल पटरियों का विस्तार नहीं, बल्कि एक नए सामाजिक-सांस्कृतिक सेतु का निर्माण है, जो सीमाओं को नहीं, बल्कि दोनों देशों के दिलों को जोड़ेगा.