Bihar Assembly election : बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान आज (6 अक्टूबर) शाम 4 बजे किया जाएगा. चुनाव आयोग ने इसके लिए दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है. तारीखों के ऐलान के साथ ही राज्य में आचार संहिता लागू हो जाएगी. चुनाव आयोग को 22 नवंबर 2025 तक बिहार विधानसभा चुनाव की पूरी प्रक्रिया पूरी करनी है. राज्य के प्रमुख राजनीतिक दलों ने आयोग से छठ पूजा के बाद मतदान कराने की मांग की है. माना जा रहा है कि इस बार चुनाव दो चरणों में कराए जा सकते हैं. पिछले दो चुनावों पर नजर डालें तो 2020 में बिहार में तीन चरणों में मतदान हुआ था. तब 20 अक्टूबर से 7 नवंबर के बीच वोटिंग और 10 नवंबर को नतीजों का ऐलान हुआ था. 2015 में विधानसभा चुनाव पांच चरणों में हुए थे. तब 12 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच मतदान और 8 नवंबर को परिणाम घोषित किए गए थे.
मतदाता सूची में बड़ा बदलाव
बिहार में चुनावी तैयारियों को लेकर रविवार को चीफ इलेक्शन कमिश्नर (CEC) ज्ञानेश कुमार ने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने बताया कि राज्य में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) पूरी तरह सफल रहा और मतदाता सूची को अधिक सटीक बनाने की दिशा में यह अहम कदम साबित हुआ. CEC ने कहा कि जिन मतदाताओं के नाम, पता या उम्र में बदलाव हुआ है, उन्हें 15 दिनों के भीतर नया वोटर कार्ड उपलब्ध करा दिया जाएगा.
30 सितंबर को जारी SIR की फाइनल लिस्ट के मुताबिक, बिहार में मतदाताओं की संख्या 6% घटकर 7.42 करोड़ रह गई है. इसमें 69.29 लाख नाम हटाए गए, जबकि 21.53 लाख नए वोटर्स जोड़े गए हैं. राजनीतिक दलों और जनता की नजरें अब चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं, जहां मतदान की तारीखों और चरणों की औपचारिक घोषणा की जाएगी.