Bihar assembly election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने अपनी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं. पार्टी ने अपने 90 प्रत्याशियों की सूची तैयार कर ली है और सभी चयनित उम्मीदवारों को नामांकन की तैयारी में जुट जाने के निर्देश दिए गए हैं. सूत्रों के मुताबिक, बीते तीन-चार दिनों से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में 1 अणे मार्ग पर लगातार बैठकें हो रही थीं. इन बैठकों में मंत्री ललन सिंह, संजय झा, विजय चौधरी और संजय गांधी भी मौजूद रहे. गुरुवार को हुई बैठक में 90 नामों पर मुहर लगा दी गई.
एनडीए में सीट बंटवारे पर सहमति
सूत्रों के अनुसार, करीब दस सीटों को अभी होल्ड पर रखा गया है, जिन पर शीर्ष नेतृत्व बाद में निर्णय करेगा. बताया जा रहा है कि एनडीए में सीट बंटवारे पर सहमति बनने के बाद जदयू की ओर से यह सूची औपचारिक रूप से जारी की जाएगी.
मधुबनी जिले में जदयू ने अपने तीन उम्मीदवारों के नाम फाइनल कर दिए हैं जिसमें फुलपरास से शीला मंडल, हरलाखी से सुधांशु शेखर और बाबूबरही से मीना कुमारी को पार्टी ने टिकट दिया है. वहीं, पार्टी ने कुछ मौजूदा विधायकों के टिकट काटकर नए चेहरों पर भरोसा जताया है. जिन विधायकों का टिकट कटा है, उनमें भागलपुर के चर्चित विधायक गोपाल मंडल, हरनौत के हरिनारायण सिंह, नालंदा के प्रेम मुखिया, सकरा के अशोक चौधरी, बरबीघा और सुरसंड के मौजूदा विधायक शामिल हैं. पार्टी सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पिछले कुछ समय से गोपाल मंडल के व्यवहार को लेकर बेहद नाराज थे. उनका कहना था कि पांच वर्षों में जो अनुशासनहीनता और विवाद उन्होंने किए, वह जनता के सामने है.
कब जारी होगा उम्मीदवारों की पहली लिस्ट
जदयू ने इस बार टिकट वितरण की प्रक्रिया बेहद शांत और व्यवस्थित तरीके से पूरी की है. पार्टी ने अपने स्तर पर सभी निर्णयों को लगभग अंतिम रूप दे दिया है. अब केवल एनडीए सहयोगी दलों के प्रत्याशी तय होने का इंतजार है. जैसे ही साझेदार दलों की सूची फाइनल होगी, संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में जदयू अपनी सूची सार्वजनिक करेगी.