Bihar elections: विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार से नामांकन की प्रक्रिया आरंभ हो रही हैं. जिला प्रशासन ने इसकी समस्त तैयारियां पूर्ण कर लिया हैं, अब तक विभिन्न रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालयों से 8 उम्मीदवारों ने नामांकन के लिए नजीर राशिद कटवाई है, जो सभी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं.
निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार प्रतिदिन सुबह 11:00 से दोपहर 3:00 बजे तक नामांकन प्रक्रिया संपन्न होगी. यह शुक्रवार से प्रारंभ होकर 17 अक्टूबर तक जारी रहेगी, 18 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर निर्धारित की गई है . कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं.इसके तहत 25 मजिस्ट्रेट और 275 पुलिस पदाधिकारी तथा जवानों की तैनाती की गई है.
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक अभ्यर्थी को नामांकन के समय शपथ पत्र के माध्यम से अपनी अपराधिक पृष्ठभूमि की संपूर्ण जानकारी देना अनिवार्य है. इसमें निम्नलिखित विवरण शामिल करना आवश्यक है:
• संबंधित पुलिस थाने का नाम
• न्यायालय का नाम जहां मामला लंबित है
• मामला संख्या और अपराध का विस्तृत विवरण
• मामले की वर्तमान स्थिति
• यदि किसी अपराध में दोषसिद्धि हुई है तो न्यायालय का नाम
• भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराएं
यह घोषणा चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को सुनिश्चित करने के लिए किया गया है. जिससे मतदाताओं को सूचित निर्णय लेने में सहायता होगी.