Bihar assembly election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में अंदरूनी नाराजगी खुलकर सामने आने लगी है. दरभंगा जिले की अलीनगर विधानसभा सीट से लोक गायिका मैथिली ठाकुर को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद पार्टी के स्थानीय नेताओं ने खुला विरोध शुरू कर दिया है. सूत्रों के अनुसार, अलीनगर के सातों मंडलों के भाजपा अध्यक्षों ने मैथिली ठाकुर के खिलाफ और स्थानीय नेता संजय उर्फ पप्पू सिंह के समर्थन में अपनी राय दर्ज कराई है.
बीजेपी आलाकमान को चैलेंज
पार्टी सूत्र बताते हैं कि स्थानीय संगठन का मानना है कि मैथिली ठाकुर बाहरी उम्मीदवार हैं और क्षेत्र के लोगों तथा कार्यकर्ताओं से उनका कोई सीधा जुड़ाव नहीं रहा है. नेताओं का कहना है कि पार्टी को स्थानीय समीकरण और जमीनी कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए किसी ऐसे चेहरे को टिकट देना चाहिए था जो लंबे समय से इलाके में सक्रिय रहा हो. जानकारी के मुताबिक, अलीनगर के सातों मंडल, तारडीह पूर्वी के पुरुषोत्तम झा,तारडीह पश्चिमी के पंकज कंठ,घनश्यामपुर पूर्वी के सुधीर सिंह,घनश्यामपुर पश्चिमी के चंदन कुमार ठाकुर,नगर मंडल के रणजीत कुमार मिश्रा,अलीनगर पश्चिमी के गंगा प्रसाद यादव और अलीनगर पूर्वी के लाल मुखिया जी ने संयुक्त रूप से पार्टी नेतृत्व को पत्र भेजा है, जिसमें संजय उर्फ पप्पू सिंह को क्षेत्र का लोकप्रिय और मेहनती कार्यकर्ता बताते हुए उन्हें टिकट देने की मांग की गई है.
मैथिली ठाकुर के समर्थकों में उत्साह
भाजपा की ओर से अभी तक इस बगावती तेवर पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि पार्टी हाईकमान स्थिति पर नजर बनाए हुए है. चुनावी माहौल में इस तरह की असंतुष्टि भाजपा के लिए चुनौती बन सकती है, खासकर तब जब अलीनगर सीट पर मुकाबला पहले से ही त्रिकोणीय होने की संभावना है. वहीं, मैथिली ठाकुर के समर्थकों का कहना है कि उनका नाम पार्टी नेतृत्व ने सोच-समझकर चुना है और वे क्षेत्र की बेटी हैं, जो अपने सांस्कृतिक योगदान से न केवल मिथिला बल्कि पूरे बिहार में लोकप्रिय हैं. उनका दावा है कि जनता का बड़ा वर्ग मैथिली ठाकुर के साथ खड़ा है और आने वाले दिनों में माहौल बदल जाएगा.