नहीं बनी बात…अब 16 जिलों की 32 सीटों पर चुनाव लड़ेगी AIMIM, 19 सीटों पर महागठबंधन के विधायकों को चुनौती

AIMIM In Bihar Election : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर एआईएमआईएम (AIMIM) ने अपना चुनावी बिगुल फूंक दिया है. पार्टी ने राज्य के 16 जिलों की 32 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने का ऐलान किया है. शनिवार को किशनगंज में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिहार प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान और राष्ट्रीय प्रवक्ता आदिल हुसैन ने इसकी औपचारिक घोषणा की. घोषणा के मुताबिक, इन 32 सीटों में से 19 सीटें फिलहाल महागठबंधन के विधायकों के कब्जे में हैं. ऐसे में एआईएमआईएम का यह फैसला महागठबंधन के लिए सीधी चुनौती के रूप में देखा जा रहा है.

किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में सबसे ज्यादा फोकस

एआईएमआईएम सीमांचल क्षेत्र की सीटों पर खास फोकस कर रही है. पार्टी किशनगंज जिले की 4 सीटों ( किशनगंज, कोचाधामन, बहादुरगंज और ठाकुरगंज ) पर मैदान में उतरेगी. पूर्णिया जिले की 3 सीटों (अमौर, बायसी और कस्बा ) तथा कटिहार जिले की 5 सीटों (बलरामपुर, प्राणपुर, मनिहारी, बरारी और कदवा ) पर भी पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी. इसके साथ अररिया जिले की दो सीटों (जोकीहाट और अररिया ) तथा गया जिले की दो सीटों (शेरघाटी और बेलागंज ) पर भी चुनाव लड़ने की घोषणा की है. इसके साथ ही पूर्वी चंपारण की दो सीटों ( ढाका और नरकटिया ) तथा दरभंगा की चार सीटों ( जाले, दरभंगा ग्रामीण, केवटी और गौरा बौराम ) पर भी पार्टी प्रत्याशी उतारेगी.

अन्य जिलों में भी महागठबंधन को चुनौती

पार्टी नवादा, जमुई (सिकंदरा), भागलपुर (नाथनगर, भागलपुर), सिवान, समस्तीपुर (कल्याणपुर), सीतामढ़ी (बाजपट्टी), मधुबनी (बिस्फी), वैशाली (महुआ) और गोपालगंज की एक-एक सीट से भी चुनावी मैदान में उतरेगी. सीमांचल और मध्य बिहार के कई जिलों में उम्मीदवार उतारकर एआईएमआईएम ने यह साफ कर दिया है कि वह इस बार बिहार चुनाव में अपनी उपस्थिति को मजबूती से दर्ज कराना चाहती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *