Bihar elections : बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में आज (बुधवार) दोपहर 1 बजे पटना स्थित कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में प्रदेश इलेक्शन कमिटी (PEC) की अहम बैठक होने जा रही है. इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन को लेकर रणनीतिक चर्चा होगी.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस बैठक में समिति के सभी 39 सदस्य शामिल होंगे. इसके अलावा पूर्णिया से कांग्रेस सांसद पप्पू यादव की मौजूदगी भी चर्चा का केंद्र रहेगी. गौरतलब है कि मंगलवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बिहार प्रदेश इलेक्शन कमिटी की घोषणा की थी. कांग्रेस की ओर से गठित इस समिति में प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, विधानमंडल दल के नेता शकील अहमद खान और विधान परिषद में कांग्रेस दल के नेता मदन मोहन झा जैसे वरिष्ठ नेता सदस्य बनाए गए हैं.इसके अलावा समिति में स्थायी आमंत्रित सदस्यों को भी जगह दी गई है. इनमें बिहार से कांग्रेस के सभी सांसद, विधायक, विधान पार्षद, कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) के सदस्य, एआईसीसी (AICC) सचिव, साथ ही एनएसयूआई (NSUI) और यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शामिल हैं.
कांग्रेस की यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब बिहार में महागठबंधन के भीतर सीट बंटवारे और सीएम फेस को लेकर चर्चा जारी है. ऐसे में माना जा रहा है कि पार्टी इस बैठक के ज़रिए अपनी रणनीति को और मज़बूत करने की कोशिश करेगी.