Bihar Elections : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, सियासी गलियारों में नए चेहरों की एंट्री लगातार सुर्खियां बटोर रही है. अब भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री से एक और बड़ा नाम राजनीति में कदम रखने की तैयारी में बताया जा रहा है. मशहूर अभिनेता और गायक खेसारीलाल यादव (Khesari Lal Yadav) की पत्नी चंदा देवी को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं कि वे राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के टिकट पर छपरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकती हैं.
कहां से चुनाव लडेंगे खेसारीलाल यादव
रिपोर्ट के मुताबिक आरजेडी नेतृत्व ने चंदा देवी का नाम छपरा सीट से उम्मीदवार के रूप में विचाराधीन सूची में शामिल किया है. हालांकि पार्टी की आधिकारिक उम्मीदवार सूची अभी जारी नहीं हुई है. ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें टिकट मिलेगा या नहीं, लेकिन क्षेत्र में सियासी चर्चाएं तेज हैं और चंदा देवी का नाम स्थानीय स्तर पर चर्चा का प्रमुख विषय बन गया है.चंदा देवी का छपरा से संभावित चुनाव मैदान में उतरना इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि यह सीट लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक दृष्टि से प्रभावशाली रही है. छपरा विधानसभा सीट पर अब तक मुख्य मुकाबला राजद और भाजपा के बीच देखा गया है. अगर चंदा देवी को टिकट मिलता है, तो यह मुकाबला काफी रोचक हो सकता है.
राजद के टिकट पर मैदान में
उधर, खेसारीलाल यादव भी पिछले कुछ वर्षों से राजनीति में सक्रियता के संकेत देते रहे हैं. उनके खुद के चुनाव लड़ने को लेकर भी अटकलें समय-समय पर सामने आती रही हैं. हालांकि, इस बार उनके खुद मैदान में उतरने की संभावना कम मानी जा रही है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चंदा देवी की एंट्री से आरजेडी को भोजपुरी क्षेत्र में प्रभाव बढ़ाने में मदद मिल सकती है. भोजपुरी सिनेमा के बड़े चेहरों में शुमार खेसारीलाल यादव का जनसरोकार और लोकप्रियता आरजेडी के लिए सियासी रूप से फायदेमंद साबित हो सकती है.